इंदौर. इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक बेहद सनसनीखेज वारदात हुई। यहां परिवार के इकलौते बेटे की घर की दहलीज पर हत्या कर दी गई। आरोपी कई दिन से परिवार की बेटी को परेशान कर रहा था। वारदात वाली रात आरोपी अपने जीजा के साथ युवती के घर आ धमका और जोरोें से दरवाजा खटखटाया। युवती के पिता ने दरवाजा खोला तो उन्हें अपशब्द कहे और जैसे ही बेटा बाहर निकला तो उससे मारपीट कर सीने में चाकू घोंप दिया. इससे युवक की मौत हो गई। बीच बचाव करने आई युवती के साथ भी आरोपियों ने धक्का मुक्की जिसके कारण उसे भी चोट आई है। इधर दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक युवक के पिता ने बताया कि वे एक फैक्ट्री में मशीन ऑपरेटर हैं। रविवार रात उनकी पत्नी, तीन बेटी और बेटा खाना खाकर सोने चले गए थे। रात करीब 11 बजे आरोपी आकाश अपने जीजा के साथ उनके घर आया और दरवाजा खटखटाया। जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला तो आकाश व उसका जीजा अभद्रता करते हुए घर में गाली गलौच करने लगा। शोर सुनकर बेटा बाहर आया तो उसके साथ मारपीट शुरु कर दी. इसी दौरान बेटे के दोनों कंधे व सीने पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव के दौरान आरोपियों ने युवक के पिता पर भी चाकू से वार किया।
पिता और भाई को बचाने पहुंची युवती के बाल खींचकर आरोपी ने उसे तार पर धकेल दिया। उसे भी चोट आई है। फर्श पर घायल पड़े बेटे को परिवार के सदस्य उसे निजी अस्पताल ले गए। उपचार के दौरान रात 12 बजे डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। टीआइ सोनी ने बताया कि वारदात की सूचना पर तत्काल केस दर्ज किया गया और डेढ़ घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि आरोपियों के नाम आकाश साहू और राकेश साहू हैं।