भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का तीसरा टेस्ट इंदौर में खेला जाना है। इस बीच टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल और अपनी पत्नी अथिया शेट्टी के साथ उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। दोनों ने महाकाल के दर्शन कर पूजन अर्चन किया।
केएल राहुल को पहले दो टेस्ट मैचों में रनों के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा है उन्हें टीम की उपकप्तानी से भी हाथ धोना पड़ा है। यहाँ तक कि तीसरे टेस्ट में उनकी जगह भी सवालों के घेरे में हैं।
ऐसे में दोनों एक साथ महाकाल के दर्शन को पहुंचे। सोशल मीडिया पर इस सेलिब्रिटी कपल का एक वीडियो वायरल है जिसमें दोनों बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेते दिख रहे हैं।
केएल राहुल को हाल ही में बार-बार विफल होने के कारण भारत की टेस्ट टीम के उप-कप्तान के पद से हटा दिया गया था। टेस्ट में विकेटकीपर-बल्लेबाज का आखिरी फॉर्म दिसंबर 2021 दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ सेंचुरियन में खेले गए मैच में वापस आया था।
राहुल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले दो टेस्ट में 12.67 की औसत से सिर्फ 38 रन बनाए है। भारत के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने कहा कि फॉर्म में चल रहे युवा शुभमन गिल बुधवार से शुरू हो रहे इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट में ओपनिंग स्लॉट के लिए केएल राहुल को चुनौती देंगे।