IPL के 15वें सीजन का पहला क्वालीफायर मैच गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच मंगलवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। हालांकि इससे पहले फैंस के लिए बुरी खबर यह है कि कोलकाता में बारिश होने के आसार हैं। ऐसे में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने प्लेऑफ के लिए नए निर्देश भी जारी कर दिए हैं. प्लेऑफ खेलने वाली टीमों के लिए जारी की इस गाइडलाइन में बताया गया है कि अगर आवश्यकता पड़ी तो बारिश होने फैसला सुपर ओवर से भी किया जा सकता है। बारिश होने पर प्लेऑफ और फाइनल दोनों में विजेता का फैसला सुपर ओवर से किया जा सकता है। फाइनल मुकाबले के लिए हालांकि एक रिजर्व डे भी रखा गया है।
बीसीसीआई के अनुसार अगर बारिश के कारण प्लेऑफ का मैच रुकता है तो उसे रात 12.50 बजे तक भी रद्द नहीं किया जाएगा। नई गाइडलाइंस के अनुसार दोनों टीमों के बीच इस स्थिति में 5-5 ओवर का मुकाबला भी खेला जा सकता है। यह रात 11.56 बजे तक हर हाल में शुरू हो जाए। अगर 12.50 बजे तक भी मैच नहीं हो पाता है तो सुपर ओवर का सहारा लिया जाएगा। अगर ऐसी स्थिति बनी कि मैच में सुपर ओवर भी न हो सके तो विजेता का फैसला पॉइंट्स टेबल के आधार पर कर दिया जाएगा। मैच रद्द होने की स्थिति में 70 मैचों के बाद पॉइंट्स टेबल में आगे रही टीम को प्लेऑफ या फाइनल में विजेता घोषित किया जाएगा।
आईपीएल के साथ ही टी-20 क्रिकेट में यह पहला मौका होगा जब बारिश के कारण किसी मैच का फैसला सुपर ओवर से किया जाएगा। आमतौर पर बारिश की वजह से यदि दोनों टीमें 5-5 ओवर भी नहीं खेल पाती हैं तो मैच प्राय: रद्द कर दिया जाता है। BCCI ने प्लेऑफ और फाइनल मुकाबलों के लिए समय में दो घंटे एक्स्ट्रा जोड़े हैं। इस एक्स्ट्रा टाइम का मतलब यह है कि प्लेऑफ के मुकाबले बारिश होने पर अब रात 9.40 बजे तक भी शुरू हो सकेंगे. ऐसा होने पर ओवर्स की संख्या भी कम नहीं की जाएगी।
IPL-15 के फाइनल के लिए BCCI ने 30 मई को रिजर्व डे रखा है। अगर 29 मई को किसी कारणवश मुकाबला खत्म नहीं हो पाता है तो रिजर्व डे यानि 30 मई को मुकाबला पूरा किया जा सकेगा। मुकाबला जहां से रुका वहीं से अगले दिन शुरू होगा। हालांकि क्वालीफायर और एलिमिनेटर मैचों के लिए कोई रिजर्व डे नहीं हैं। गौरतलब है कि इस बार अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।