न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी-20 मुकाबले में टीम इंडिया एक बदलाव के साथ मैदान में उतरी है। टीम में वाशिंगटन सुंदर के स्थान पर हर्षल पटेल को मौका दिया गया है। वहीं प्लेइंग इलेवन सामने आते ही टीम मैनेजमेंट को लेकर गुस्सा भी सामने आया है।  

दरअसल तीसरे मुकाबले के लिए जैसे ही टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन सामने आई, सोशल मीडिया पर संजू सैमसन के फैन्स ने टीम मैनेजमेंट पर जमकर नाराजगी जाहिर की। इसका कारण संजू की लगातार अनदेखी को बताया गया। 

यह उम्मीद जताई जा रही थी कि तीसरे और अंतिम टी-20 मुकाबले में विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को चांस मिल सकता है क्योंकि रिषभ पंत लगातार असफल साबित हो रहे हैं वहीं दूसरे मुकाबले में ईशान किशन भी अपने नाम के अनुरूप तेज पारी खेलने में नाकामयाब हुए थे। 

दूसरी ओर न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन की गैरमौजूदगी में टिम साउथी आखिरी मुकाबले में बतौर कप्तान मैदान में उतरे। वहीं न्यूजीलैंड ने प्लेइंग इलेवन में केन विलियमसन के स्थान पर माइक चाॅपमैन को शामिल किया। भारत तीन मुकाबलों की सीरीज़ में 1-0 से आगे है। सीरीज़ का पहला मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था।