मुंबई. इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली बल्ले से भले ही फ्लॉप चल रहे हैं लेकिन सोशल मीडिया सेलिब्रिटी के रूप में वे आज भी छाए हुए हैं। पिछले तीन साल में उनके बल्ले से किसी भी फॉर्मेट में एक भी शतक नहीं आया लेकिन वे अपनी हर इंस्टा पोस्ट से 8 करोड़ रुपए कमा रहे हैं। वे इस प्लेटफार्म की एक पोस्ट से सबसे ज्यादा कमाई करने वाले एशिया के नंबर-1 स्पोर्ट्स सेलिब्रिटी बन चुके हैं। उनसे ज्यादा कमाई केवल पुर्तगाल के फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो और अर्जेंटीना के स्टार लियोनल मेसी ही करते हैं। 

हाल ही में hopperhq.com ने अपनी 2022 की रिच लिस्ट जारी की है, जिसमें 33 साल के कोहली का नंबर 14वां है। इस रिचलिस्ट में 14वीं रैंक में वे एशिया में सबसे ज्यादा नंबर पानेवाले हैं. विराट इस सोशल प्लेटफार्म की रिच लिस्ट में टॉप-15 में शामिल इकलौते भारतीय हैं। लिस्ट में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले सेलिब्रिटी फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो हैं। वे हर पेड पोस्ट से 19 करोड़ रुपए कमा रहे हैं। जबकि लियोनल मेसी एक पेड पोस्ट से 14 करोड़ रुपए कमाते हैं।

इंस्टाग्राम पर विराट के 20 करोड़ फॉलोअर्स हैं। वे इंस्टाग्राम पर इतने फॉलोअर्स वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर हैं। इस प्लेटफार्म में दुनिया भर के खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा फॉलोअर्स पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के हैं। उनके 442 मिलियन (40.40 करोड़) फॉलोअर्स हैं। रोनाल्डो के बाद अर्जेंटीना के स्टार प्लेयर लियोनल मेसी हैं। उन्हें 327 मिलियन (32 करोड़) फैन्स फॉलो करते हैं।