Manipur Violence Video: मणिपुर में एक समुदाय की दो महिलाओं को खुलेआम बिना कपड़ों के परेड कराने को लेकर देशभर में गुस्सा साफ़ तौर पर दिख रहा है. सड़क से लेकर संसद तक इस मामले की गूंज सुनाई दे रही है. वीडियो वायरल होने के बाद से ही हर कोई मणिपुर सीएम एन बीरेन सिंह के इस्तीफ़े की मांग कर रहा हैं.
कुछ कर नहीं सकते तो उतर क्यों नहीं जाते? कुमार विश्वास
वहीं, इस घटना पर कवि कुमार विश्वास का भी एक बयान सामने आया है. जिसमें उन्होंने ट्विटर पर शायराना अंदाज में ट्वीट कर मणिपुर सीएम एन बीरेन सिंह को टैग करते हुए लिखा, “कुर्सी है तुम्हारा ये जनाज़ा तो नहीं है? कुछ कर नहीं सकते तो उतर क्यों नहीं जाते?”

इसके अलावा उन्होंने अपने दूसरे ट्वीट में लिखा, मणिपुर देश के मनहर पूर्वोत्तर का प्यारा प्रदेश है. अगर वहाँ भारत की किसी बेटी को सरेआम निर्वसन सड़क पर घुमाया जा रहा है तो यह हमारे समाज, समय और सरकारों, सब की सामूहिक चिंता का विषय होना ही चाहिए.
उन्होंने आगे लिखा, प्रदेश के मुख्यमंत्री व देश के गृह मंत्री से अपेक्षा कि वे इन पिशाचों को ऐसा सबक सिखाएं जो उदाहरण बने. फ्रांस की हालातों पर तपसरा करने वाले पक्षकारों से यूँ तो आशा कम है पर फिर भी अनुरोध है कि अपनी जिम्मेदारी निभाएं. याद रहे भरी सभा में बेटियों के चीरहरण को चुपचाप देखने वाले चाहे राजनीति के भीष्म हों या ज्ञान के द्रोणाचार्य अंततः पतन न अपयश के भागी बनते ही हैं. मन रो रहा है, आत्मा घायल है. जातीय वैमनस्य की आग में जलते-जलते ये हम कहाँ आ पहुंचे हैं.
सीएम एन बीरेन सिंह के इस्तीफ़े की मांग उठने लगी-
बता दें कि बीते लंबे समय से दो समुदाय कुकी-मैतेई की हिंसा की आग़ में जल रहें मणिपुर से हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ. जिसमें, एक ही समुदाय की दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर पुरुषों की भीड़ कहीं लेकर जाती हुई दिख रही है. इस भीड़ में उनको ले जा रहे कई शख्स उनके निजी अंगों को छू रहे हैं.
इस वीडियो के वायरल होने के बाद राज्य की भगवान भरोसे चल रही कानून व्यवस्था को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. सोशल मीडिया पर इस घटना की तस्वीरें और वीडियो शेयर कर लोग लगातार सीएम एन बीरेन सिंह से इस्तीफा की मांग रहे हैं.
विडियो को शेयर करना बंद करें- कुमार विश्वास
हालांकि, कुमार विश्वास ने सोशल मीडिया और कई मीडिया प्लैटफॉर्म पर इन तस्वीरों को शेयर किये जाने पर आपत्ति जताई हैं. इस पर उन्होंने लिखा, ट्विटर की, की- बोर्ड- क्रांतिकारी जनता व छुटभैये-पक्षकारों से भी अनुरोध है कि ज़रा सी भी शर्मो-हया बची हो तो विडियो को शेयर करना बंद करें. खबर लगाएँ पर वीडियो हटाएँ. अपनी आँखों की नहीं तो घर-परिवार के बच्चों की तो सोचें. अपने निजी और राजनैतिक हित कम से कम इस सब से तो न साधें.