भोपाल। प्रदेश में अब ग्राम पंचायतों में भी मजदूरों के लिये रैन बसेरे बनेंगे। इससे पहले सिर्फ नगरीय निकाय क्षेत्रों में ही ये रैन बसेरे बनाने का प्रावधान था।
दरअसल राज्य सरकार ने भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार मंडल में पंजीकृत मजदूरों के लिये सात साल पहले 11 अगस्त 2014 को निर्माण श्रमिक रैन बसेरा योजना जारी की थी। इसमें चार महानगरों भोपाल, ग्वालियर, इंदौर एवं जबलपुर में 25 लाख रुपये, अन्य नगर निगमों में 20 लाख रुपये, नगर पालिकाओं में 15 लाख रुपये तथा नगर परिषद में 10 लाख रुपये तक के रैन बसेरे बनाने का प्रावधान किया गया था। यह राशि मप्र भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार मंडल वहन करता था।
लेकिन अब इस योजना में उन ग्राम पंचायतों को भी शामिल कर लिया गया है जिनकी न्यूनतम जनसंख्या 5 हजार है अथवा ऐसी ग्राम पंचायत जहां निर्माण कार्य की अधिकता के कारण अधिक संख्या में मजदूर एकत्रित होते हैं। अब इस तरह की ग्राम पंचायतों में भी 10 लाख रुपये श्रमिकों के रैन बसेरे को बनाने के लिये संबंधित जनपद पंचायत के सीईओ को दिये जायेंगे।