सोशल मीडिया में मध्य प्रदेश के बड़नगर का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में भाजपा के पूर्व विधायक शांतिलाल धबाई और एसडीएम निधि सिंह के बीच तीखी बहस हो रही है। बहस के दौरान एसडीएम ने पूर्व विधायक को न सिर्फ तमीज से बात करने की नसीहत दी बल्कि यह तक कह डाला कि दम हो तो  नौकरी से निकलवा कर देख लो।

वीडियो 4 दिन पुराना बताया जा रहा है। जो अब वायरल हो रहा है। घटना स्थल बंगरेड ग्राम बताया जा रहा है। यहां लंबे समय से जलभराव की समस्या की शिकायत के बाद एसडीएम निधि सिंह जेसीबी लेकर पहुंची थीं। 

जब एसडीएम जल निकासी का काम करा रही थी तभी पूर्व विधायक शांतिलाल धबाई भी वहां पहुँच गए। यहां पानी की निकासी को लेकर शांतिलाल धबाई का निधि सिंह से विवाद हो गया और दोनों के बीच तीखी तकरार हो गई। 

बताया जा रहा है कि काम में बेवजह के हस्तक्षेप से एसडीएम भी आपा खो बैठीं और पूर्व विधायक को कहा कि मुझे काम सिखाने की जरुरत नहीं, दफा हो जाओ यहाँ से और दम हो तो नौकरी से निकलवाकर देख लो।