Lalu Prasad Yadav Bail: चारा घोटाले मामले में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता लालू प्रसाद यादव की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. इस घोटाले में उन्हें झारखंड हाई कोर्ट से जमानत मिल गई थी. लेकिन, अब उनकी जमानत याचिका के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दाखिल की गई है. याचिका CBI ने दायर की है, जिस पर अब जल्द ही सुनवाई हो सकती हैं.
सीबीआई ने जल्द सुनवाई की मांग उठाई-
सीबीआई ने लालू प्रसाद यादव की जमानत रद्द करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है. इस दौरान सीबीआई ने जल्द सुनवाई की मांग भी उठाई. सुप्रीम कोर्ट भी इस पर सुनवाई के लिए तैयार हो गया है.
सूत्रों की मानें तो 25 अगस्त को इस याचिका पर सुनवाई हो सकती हैं. अगर सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई के पक्ष में फैसला सुनाया तो आने वाले दिनों में लालू यादव को फिर से जेल जाना पड़ सकता है.
लालू यादव को पिछले साल ही अप्रैल में झारखंड हाई कोर्ट से जमानत मिली थी. 30 अप्रैल 2022 को उन्हें जेल से रिहा कर दिया गया था. चारा घोटाले से जुड़े डोरंडा कोषागार मामले में वह करीब तीन साल तक जेल में थे.
क्या है पूरा मामला?
चारा घोटाला मामला 1990 से 1995 के बीच का है. आरोप है कि जब लालू यादव सत्ता में थे तो डोरंडा और अन्य खजाने से करोड़ों रुपये निकाले गए. इन रुपयों को निकालकर पशुओं के चारे और अन्य खर्चों का फर्जी ब्यौरा दिखाया गया. लालू यादव पर चारा घोटाले से जुड़े कई मामले चल रहे हैं.
इनमें से पांच मामलों में उन्हें दोषी ठहराया जा चुका है. जिसके चलते लालू यादव को जेल भी जाना पड़ा था. हालांकि, उन्हें पिछले साल अप्रैल में स्वास्थ्य आधार पर जमानत दे दी गई थी. जमानत पर रिहा होने के बाद दिसंबर में लालू ने सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट भी कराया था.