Land For Job Case: लैंड फॉर जॉब स्कैम मामले में लालू परिवार की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. हाल ही में ईडी ने इस मामले में 4,751 पेज की चार्जशीट दाखिल की है. अब इस चार्जशीट पर दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए बतौर आरोपी राबड़ी देवी, मीसा भारती, हेमा यादव, हृदयानंद चौधरी समेत कई अन्य को समन जारी किया है.
ये समन मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में दाखिल ईडी की चार्जशीट पर जारी किया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राउज एवेन्यू कोर्ट ने आरोपियों को 9 फरवरी के दिन पेश होने का आदेश जारी किया है. ईडी ने लैंड फॉर जॉब मामले में 4751 पेज की पहली चार्जशीट दाखिल कर दी है. ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में कुल सात लोगों को आरोपी बनाया है. सात आरोपियों में राबड़ी देवी, मीसा भारती, हेमा यादव, हृदयानंद चौधरी, अमित कात्याल और दो कंपनी एके इन्फोसिस्टम और एबी एक्सपोर्ट को आरोपी बनाया है.
राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई के दौरान ईडी ने बताया था कि आरोपी अमित कात्याल ने साल 2006-07 में एके इन्फोसिस्टम नामक कंपनी का गठन किया था. यह कंपनी आईटी से जुड़ी हुई थी. कंपनी ने वास्तविक रूप से कोई व्यापार नहीं किया, बल्कि कई भूखंड खरीदे. इनमें से एक भूखंड नौकरी के बदले जमीन घोटाले से भी हासिल किया गया था.
हालांकि, साल 2014 में इस कंपनी को राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के नाम पर एक लाख रुपये में ट्रांसफर कर दिया गया. वहीं, दूसरी कंपनी एबी एक्सपोर्ट 1996 में एक्सपोर्ट का व्यापार करने के लिए गठित की गई थी. इसे भी साल 2007 में पांच अलग-अलग कंपनियों के ज़रिये पांच करोड़ रुपये मिले और न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में एक संपत्ति खरीदी गई.
इस पूरे मामले में सात भूखंडों का मामला है. इनमें से राबड़ी देवी, हेमा यादव और मीसा भारती ने भूखंड हासिल किए, बाद में इन भूखंडों को बेच दिया गया. अभी तक इस केस में सिर्फ अमित कात्याल को ही गिरफ्तार किया गया है.