Uttarakhand landslide: उत्तराखंड में नैनीताल के कई इलाकों में भारी बारिश के बाद अब भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं. कल कई जगहों पर भूस्खलन हुआ जिसके कारण कुछ घरों में दरारें आ गई. वहीं, कुछ घरों में दरारें धीरे-धीरे चौड़ी होती जा रही हैं. कल भूस्खलन के कारण एक इमारत ढह गई.

बारिश के बाद भूस्खलन की घटना-

इस साल उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर देखने को मिल रहा है. बारिश के बाद अब लगातार भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आ रही है. कल भूस्खलन के कारण इमारत ढहने की एक और घटना हुई. हालांकि, इमारत गिरने से पहले उसे खाली करा लेने से बड़ी क्षति होने से बचा लिया गया.

इसके अलावा नैनीताल के मल्लीताल इलाके में आसपास के घरों को भी खाली कराया जा रहा है. बता दें कि इस साल उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण 111 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 45 हजार से ज्यादा परिवार प्रभावित हुए हैं.

प्राकृतिक आपदाओं से 111 लोगों की मौत-

संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि राज्य में भारी बारिश के बाद प्राकृतिक आपदा से अब तक 111 लोगों की मौत हो चुकी है. जबकि, 72 लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं.

इसके अलावा इस प्राकृतिक आपदा से 45,650 परिवार प्रभावित हुए हैं. राज्य सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को 30.40 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की है.