जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में पुलिस की विशेष जांच टीम पर आतंकियों ने जानलेवा हमला किया. जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह बिजबेहरा के चेक डूडू इलाके में तलाशी अभियान के दौरान ठिकाने की पहचान के लिए ले जाए जाने पर 'हाइब्रिड आतंकवादी' सज्जाद तांत्रे मारा गया. उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने ट्विटर पर मुठभेड़ की जानकारी देते हुए बताया कि मारे गए आतंकवादी सज्जाद ने 13 नवंबर को अनंतनाग में दूसरे राज्यों के दो मजदूरों पर जानलेवा हमला किया था, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे. कुछ समय बाद घायल मजदूर छोटा प्रसाद की 18 नवंबर को अस्पताल में मौत हो गई थी.

इसके बाद पुलिस ने सज्जाद को गिरफ्तार कर लिया था. पुलिस सज्जाद के ज़रिये इलाके के और आतंकियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चला रहा थी. तलाशी अभियान के दौरान आतंकियों की गोली से सज्जाद की मौत हो गई.

नौशेरा में घुसपैठ करने वाले आतंकियों को मार गिराया-

सेना ने राजौरी के नौशेरा सेक्टर में शनिवार को सीमा पार से घुसपैठ कर रहे एक आतंकी को ढेर कर दिया. 17 नवंबर की देर रात करीब 11 बजे आतंकी भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे. सीमा में घुसते ही जवानों ने आतंकियों को सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन सरेंडर करने की बजाय वे वापस भागने लगे. उसके बाद मुठभेड़ के दौरान एक आतंकवादी मारा गया. 19 नवंबर को आतंकी का शव मिला, उसके पास से गोला बारूद भी बरामद हुआ है.