Telangana Election 2023: तेलंगाना में विधानसभा की 119 सीटों के लिए 30 नवंबर को मतदान होना है. उससे पहले आज (28 नवंबर) यहां चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है. शाम 5 बजे के बाद चुनाव प्रचार थम जाएगा. चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सभी राजनीतिक दल धुंआधार प्रचार में कोई भी कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं. यही वजह है कि उन्होंने अपनी पूरी ताकत लगा दी है. बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दलों ने अपने बड़े और राष्ट्रीय नेताओं को यहां चुनाव प्रचार में उतार दिया है.
कांग्रेस ने संभाला मोर्चा-
कांग्रेस की तरफ से आज चुनाव प्रचार में पहली बार खुद सोनिया गांधी उतरी हुई है. इसके अलावा राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे भी चुनाव प्रचार कर जनता से वोट मांग रहे हैं. साथ ही पार्टी के कई बड़े नेता आज तेलंगाना में डेरा डालें हुए हैं.
1. कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने तेलंगाना के जहीराबाद में एक बड़ा रोड शो किया. इस दौरान हजारों की संख्या में लोग जुटे हैं.
2. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार (28 नवंबर) को तेलंगाना के जुबली हिल्स निर्वाचन क्षेत्र में ऑटो चालकों, गिग श्रमिकों और स्वच्छता श्रमिकों के साथ चर्चा की है.
3. कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और सांसद सोनिया गांधी की बात करें तो वह हैदराबाद में एक रोड शो करेंगी.
बीजेपी ने भी झोंकी पूरी ताकत-
वहीं, दूसरी ओर बीजेपी की तरफ से आज पार्टी के प्रचार को धार देने के लिए महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस दो और महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे बीजेपी प्रत्याशियों के पक्ष में तीन जनसभाएं करेंगे. साथ ही केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने वारंगल पश्चिम में एक रोड शो किया.
तेलंगाना राज्य का गठन कब हुआ?
तेलंगाना अपने तीसरे विधानसभा चुनाव के लिए तैयार है. यहां 30 नवंबर को विधानसभा की 119 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे, जिसके नतीजे तीन दिसंबर को जारी होंगे. इस बार चुनावी मैदान में बीजेपी, एआईएमआईएम, जनसेना जैसे दल भी हैं.
बता दें कि 2 जून 2014 को आंध्र प्रदेश से अलग होकर तेलंगाना राज्य का गठन हुआ था. यहां फिलहाल सत्ता में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) है और प्रदेश की कमान के. चंद्रशेखर राव के हाथों में है.