प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार 30 दिसंबर को अयोध्या पहुंचे। यहां पर पीएम मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक क्षण हमारे जीवन में बहुत सौभाग्य से आया है। मैं भारत के 140 करोड़ देशवासियों से हाथ जोड़कर प्रार्थना करता हूं... 22 जनवरी को जब भगवान राम अयोध्या में विराजमान हों तो श्रीराम ज्योति जलाएं, दीवाली मनाएं।
पीएम ने आगे कहा कि 22 जनवरी को हर किसी का अयोध्या आना संभव नहीं है। यहां के पूरे कार्यक्रम के बाद परिवार सहित अयोध्या जरूर आएं। हम भक्त भगवान राम की पीड़ा कभी सहन नहीं कर पाएंगे।' हमने 550 साल इंतजार किया है, बस कुछ दिन का इंतज़ार और कीजिए।
इससे पहले प्रधानमंत्री दलित धनीराम मांझी के घर पहुंचे। यहां उन्होंने चाय पी। बच्चों ने पीएम के साथ सेल्फी ली। पीएम मोदी ने अयोध्या में 8 किलोमीटर लंबा रोड शो भी किया। इसके अलावा पीएम ने अयोध्या धाम स्टेशन, महर्षि वाल्मिकी इंटरनेशनल एयरपोर्ट अयोध्या धाम का उद्घाटन किया। अयोध्या और अन्य स्टेशनों से चलने वाली 2 अमृत भारत और 6 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई।
इस दौरान पीएम मोदी ने ये भी कहा, कि एक समय था, कि जब अयोध्या में रामलला टेंट में विराजमान थे। आज न सिर्फ रामलला को बल्कि देश के चार करोड़ गरीबों को पक्का घर मिला है। आज पूरी दुनिया 22 जनवरी के ऐतिहासिक पल का बेसब्री से इंतजार कर रही है। मैं भारत की मिट्टी और जन-जन के कण-कण का उपासक हूं। मैं भी उतना ही उत्सुक हूं।
यही उत्साह अयोध्या की सड़कों पर देखने को मिला। ऐसा लग रहा था मानो पूरी अयोध्या नगरी सड़क पर उतर आ हो।