रायपुर में होने वाले कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन से पहले प्रदेश डेलीगेट्स की सूची जारी हुई है। इस सूची पर न सिर्फ कांग्रेस में विरोध के सुर उठ रहे हैं बल्कि भाजपा ने भी कटाक्ष किया है।
प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस डेलीगेट्स को फैमिलीगेट्स बताया है। उन्होंने कहा कि सूची में कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और कांतिलाल भूरिया के साथ उनके बेटों नकुलनाथ, जयवर्धन सिंह और विक्रांत भूरिया को भी शामिल किया है। इस लिस्ट में कांग्रेस से ज्यादा अपने परिवारों की चिंता की गई है।
नरोत्तम मिश्रा ने यह भी कहा कि सूची में सचिन यादव का नाम इसलिए शमिल नहीं हो पाया क्योंकि उनके भाई अरुण यादव ने भावी मुख्यमंत्री पर सवाल उठाए दिए थे।
कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह ने भी एक दिलचस्प ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि रायपुर में हो रहे अधिवेशन में मेरे स्थान पर हीरा अलावा को आमंत्रित किया जाए।वो एक बड़े आदिवासी नेता हैं,उनके सहयोग से पहले भी सरकार बनी थी और अभी भी बनेगी।