भोपाल: वर्षाकाल में जलभराव देखने के लिये अब राजधानी के वल्लभ भवन स्थित सिचुएशन रुम-वीबीएसआर से प्रदेश के 54 महत्वपूर्ण बांधों का लाईव निरीक्षण होगा। यह निर्णय राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की एक उच्च स्तरीय बैठक में लिया गया है। ज्ञातव्य है कि वीबीएसआर से सीएम, मिनिस्टर एवं उच्च अधिकारी लाईव मानीटरिंग करते हैं।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि होमगार्ड मुख्यालय के स्टेट कमाण्ड सेंटर एवं वीबीएसआर मंत्रालय को सभी महत्वपूर्ण दूरभाष नंबरों के साथ-साथ पंचायत, ग्राम पंचायत, आंगनवाड़ी, सहायक, पटवारी, थाना एवं डाक्टर, पंचायत सचिव, कोटवार तक एडिशनल कॉल रिकार्ड मेनेजमेंट साफ्टवेयर से जोडऩे की कार्यवाही की जाये जिससे इन दूरभाष नंबरों पर आडियो/वीडियो कॉल की जा सके। साथ ही प्रदेश के सभी ट्राफिक केमरों, स्मार्ट सिटी केमरों द्वारा प्राप्त फीडबैक भी वीबीएसआर में देखा जा सके।
बैठक में कहा गया कि जिला स्तर पर आवश्यक्ता अनुसार बॉडी वार्न केमरा, स्टेशनरी ट्राईपोड केमरा एवं आपदा प्रबंधन हेतु अन्य आवश्यक उपकरणों सहित क्षेत्रीय/जिला स्तर पर ड्रोन सेवा प्रदाय करने वाले संस्थानों के साथ अनुबंध करने का प्रस्ताव बनाया जाये।
वीबीएसआर बना बाढ़ नियंत्रण कक्ष:
बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष का संचालन राहत आयुक्त कार्यालय के स्थान पर वीबीएसआर के माध्यम से किया जाये। इसलिये पूर्व से कार्यरत राहत आयुक्त कार्यालय के अमले को रोस्टर अनुसार वीबीएसआर मंत्रालय में तत्काल पदस्थ किया जाये।