Lok Sabha Election 2024 Date Schedule Live: लोकसभा चुनाव के लिए इंतजार की घड़ियां खत्म हो चुकी हैं. मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार, दोनों चुनाव आयुक्तों ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू के साथ विज्ञान भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में एक लंबा भाषण होगा, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त बताएंगे कि कितने वोटर्स हैं, कितने बूथों पर वोटिंग होगी, क्या इंतजाम होंगे.

देखें लाइव अपडेट:

 

7 चरणों में होगा लोकसभा चुनाव: 19 अप्रैल से आगाज, 4 जून को आएंगे नतीजे

लोकसभा का चुनाव सात चरणों में होगा. 19 अप्रैल को पहले चरण का आगाज होगा और सातों चरण के मतदान के बाद 4 जून को चुनावी नतीजे आएंगे.

पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को होगा. इस दौरान 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में वोटिंग होगी. पहले चरण में कुल मिलाकर 102 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी.

दूसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल को होगा. दूसरे चरण में देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वोटिंग होगी. इस दौरान देश की 89 लोकसभा सीटों पर चुनाव होगा.

तीसरे चरण की वोटिंग 7 मई को होगी. इस चरण में 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 94 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी.

चौथे चरण के तहत 13 मई को वोटिंग की जाएगी. इस दौरान देश के 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 96 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी.

पांचवें चरण की वोटिंग 20 मई को होगी. इस दौरान 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 49 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी.

छठे चरण के तहत 25 मई को वोटिंग होगी. इस दिन देश के सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 57 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी.

सातवें चरण का मतदान 1 जून को होगा. इस आखिरी चरण के दौरान 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वोटिंग होगी. इस दौरान लोकसभा की 57 सीटों पर वोटिंग होगी.

एमपी में 4 चरणों में होगी लोकसभा चुनाव की वोटिंग-

बात दें कि मध्य प्रदेश में कुल 29 लोकसभा सीट हैं, जिन पर इस बार भी चार चरणों में मतदान होगा. प्रदेश में वोटिंग अलग-अलग तारीखों को होगी. पहले चरण की वोटिंग 19 अप्रैल, दूसरे चरण की 26 अप्रैल, तीसरे चरण की 7 मई और चौथे चरण की 13 मई को होगी. ऐसे में जानते हैं कि एमपी की किस सीट पर कब वोट डाले जाएंगे.

पहले चरण की वोटिंग 19 अप्रैल: सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा.

दूसरे चरण की वोटिंग 26 अप्रैल: टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा, होशंगाबाद, बैतूल.

तीसरे चरण की वोटिंग 7 मई: मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़.

चौथे चरण की वोटिंग 13 मई: देवास, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, धार, इंदौर, खरगोन, खंडवा. 

इन राज्यों में होंगे विधानसभा चुनाव-

अरुणाचल प्रदेश में 19 अप्रैल को विधानसभा के चुनाव होंगे. वहीं, चुनावों के नतीजे 4 जून 2024 को आएंगे.

आंध्र प्रदेश में 13 मई को विधानसभा के चुनाव होंगे. चुनावों के नतीजे 4 जून 2024 के दिन आएंगे.

राज्यों की 26 विधानसभा सीटों पर होगा उपचुनाव-

सीईसी राजीव कुमार ने बताया कि 26 विधानसभा पर उपचुनाव होना है. बिहार, गुजरात, हरियाणा, महाराष्ट्र, झारखंड, हिमाचल, राजस्थान, तमिलनाडु में उपचुनाव होना है. सभी 26 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होगा. 

चुनावों में नहीं होने देंगे बाहुबल का इस्तेमाल- सीईसी

राजीव कुमार ने कहा, चुनाव कराने को लेकर ECI के सामने 4 चुनौतियां हैं. बाहुबल का इस्तेमाल, धनबल, झूठी खबर और एमसीसी का उल्लंघन. उन्होंने कहा कि हम हिंसा मुक्त चुनाव करवाना चाहते हैं, लिहाजा इलेक्शन के दौरान कोई भी खून-खराबा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी. आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों को समाचार पत्रों और अन्य मीडिया आउटलेट्स में तीन बार जानकारी प्रकाशित करनी होगी. राजनीतिक दल को यह बताना होगा कि उन्होंने आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवार को टिकट क्यों दिया.

दिव्यांग वोटर घर से डाल सकेंगे वोट-

सीईसी राजीव कुमार ने कहा कि हिमालय से समुद्र तक और रेगिस्तान से बारिश वाले पूर्वोत्तर तक बूथों पर एक जैसी सुविधा होगी. 85 वर्ष से अधिक उम्र के सभी वोटर या दिव्यांग वोटर के घर फॉर्म भिजवाएंगे, ताकि वो घर से वोट डाल सकें. बूथ पर वो आएंगे तो उनको आयोग वोलेंटियर सहयोग करेंगे.

 97 करोड़ वोटर्स मतदान करेंगे-

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि 17वीं लोकसभा का कार्यकाल 16 जून 2024 को खत्म हो रहा है. 97 करोड़ रजिस्टर्ड वोटर्स हैं. 10.5 लाख पोलिंग स्टेशन हैं. 55 लाख से ज्यादा ईवीएम हैं. इसके लिए 1.5 करोड़ पोलिंग अधिकारी और सुरक्षा अधिकारी तैनात किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि 1.82 करोड़ युवा वोटर्स हैं, जो कि इस बार मतदान करेंगे. उन्होंने कहा कि 18 से 29 साल के साढ़े 21 लाख वोटर हैं.

सीईसी ने कहा कि चुनाव आयोग अब तक 17 आम चुनाव और 400 से ज्यादा विधानसभा चुनाव करवा चुका है. 16 राष्ट्रपति चुनाव और 16 उपराष्ट्रपति चुनाव भी चुनाव आयोग ने करवाए हैं. उन्होंने कहा कि 2 साल तक चुनावों की तैयारी की है. करीब 50 करोड़ पुरुष 47 करोड़ से ज्यादा महिलाएं मतदान करेंगे. 1.8 करोड़ पहली बार मतदाता, 88.40 लाख दिव्यांग, 19.01 लाख सैनिक सुरक्षाकर्मी, 48000 थर्ड जेंडर वोटर्स हैं. उन्होंने कहा कि हम मतदाता सूची बनाने और सुधार की प्रक्रिया में भी राजनीतिक दलों का सहयोग लेते हैं. ड्राफ्ट रोल दिखाकर राय लेकर हमने सबसे सॉलिड मतदाता सूची तैयार की है.