Parliament Monsoon Session: दोनों ही सदनों में तीन हफ्ते की उथल-पुथल के बाद आज संसद का मॉनसून सत्र खत्म हो गया है. यानी 20 जुलाई से शुरू हुए संसद के मानसून सत्र का आज (11 अगस्त) आखिरी दिन है.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में IPC, CRPC व IA एक्ट में संशोधन वाले 3 बिल पेश किये. ये तीनों विधेयक कानून बनने के बाद वर्तमान में चल रहे सीआरपीसी, आईपीसी और एविडेंस एक्ट की जगह लेंगे.
इसके साथ ही लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गई है. हालांकि, अधीर रंजन के निलंबन के मुद्दे पर विपक्षी सांसदों ने पहले ही लोकसभा से वॉकआउट कर दिया. इस दौरान विपक्षी दलों ने संसद के बाहर प्रदर्शन किया.
बता दें कि कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी के लोकसभा से निलंबन के खिलाफ विपक्षी दल I.N.D.I.A. गठबंधन के सांसदों ने लोकसभा की कार्यवाही का बहिष्कार किया. उन्होंने संसद में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा तक पैदल पैदल मार्च निकाला.
बीजेपी लोकतंत्र को कुचल रही- खड़गे
सदन स्थगित होने से पहले राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, बीजेपी लोकतंत्र को कुचलना चाहती है और संविधान का पालन नहीं करना चाहती. इसके लिए यहां I.N.D.I.A. गठबंधन के सभी दलों के लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. हम लोकतंत्र को जिंदा रखने के लिए संसद के अंदर और बाहर हर जगह लड़ेंगे.
राघव चड्ढा राज्यसभा से निलंबित
वहीं, आप सांसद राघव चड्ढा को नियमों के उल्लंघन, अवमानना पूर्ण आचरण, विशेषाधिकार समिति की लंबित रिपोर्ट के लिए राज्यसभा से निलंबित कर दिया गया. सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा, मैं राघव चड्ढा को परिषद की सेवा से तब तक निलंबित करता हूं जब तक परिषद को विशेषाधिकार समिति की रिपोर्ट नहीं मिल जाती.