सितंबर माह की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडर 100 रुपये तक सस्ता हो गया है। हालंकि केवल कामर्शियल सिलेंडर पर ही यह राहत मिली है जबकि, 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम यथावत हैं जिसे लेकर निराशा है।
इंडियन ऑयल द्वारा 1 सितंबर को एलपीजी के जारी नए रेट के मुताबिक इंडेन का कमर्शियल सिलेंडर अब दिल्ली में 91.50 रुपये, कोलकाता में 100 रुपये, मुंबई में 92.50 रुपये और चेन्नई में 96 रुपये सस्ता मिलेगा।
आज से दिल्ली में 19 किलो वाला एलपीजी सिलेंडर 1976.50 रुपये की जगह 1885 रुपये में मिलेगा। वहीं, कोलकाता में पहले यह 2095.50 रुपये में मिलता था, लेकिन एक सितंबर से 1995.50 रुपये में मिल रहा है। मुंबई में आज से कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत घटकर 1844 और चेन्नई में 2045 रुपये हो गई है।
गौरतलब है कि गैस कंपनियां महीने की हर 1 तारीख को सिलेंडर के दाम तय करती हैं। इससे पहले अगस्त में भी कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 36 रुपये कटौती की गई थी। घरेलू सिलेंडर की कीमत में बीती 6 जुलाई से कोई बदलाव नहीं हुआ है।