LPG Cylinder Price: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार यानी 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर देश की महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया. पीएम मोदी ने घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में भारी कटौती का ऐलान करते हुए कहा कि गैस सिलेंडर की कीमतों में 100 रुपये की कटौती की जा रही है. वहीं, विपक्ष ने सिलेंडर की कीमतों में कमी करने की टाइमिंग को लेकर सवाल उठाया है. उनका मानना है कि आगामी लोकसभा चुनाव के कारण कीमतों में कटौती की गई हैं.
बात दें कि आज सुबह ही पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, आज महिला दिवस के मौके पर हमारी सरकार ने एलपीजी सिलेंडर के दाम 100 रुपये कम करने का फैसला किया है. इससे देश भर के लाखों परिवारों पर वित्तीय बोझ काफी कम हो जाएगा, खासतौर से हमारी नारी शक्ति को लाभ होगा. हालांकि, दूसरी ओर जैसे ही कीमतों में कटौती का ऐलान किया गया है, वैसे ही विपक्ष ने इसकी टाइमिंग को लोकसभा चुनाव से जोड़कर बीजेपी को घेरना शुरू कर दिया. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद गुट) की सांसद सुप्रिया सुले ने सिलेंडर की कीमतों में हुई कटौती को एक और जुमला बताया है.
उन्होंने कहा कि मैं इससे बिल्कुल भी हैरान नहीं हूं. आप सिर्फ इसकी टाइमिंग को देखिए. ये (केंद्र सरकार) लोग पिछले 9 सालों से सत्ता में हैं. इन्होंने इस बारे में पहले क्यों नहीं सोचा?' उन्होंने आगे कहा कि जैसे ही इलेक्शन नजदीक आया, मेरा मतलब है कि चुनाव की तारीखों का ऐलान संभवतः अगले 5 या 6 दिनों में कर दिया जाएगा, तभी ऐसा किया गया. ये एक और जुमला है. अगर सरकार को सच में वित्तीय बोझ को कम करना था, तो कीमतों को आधा किया जाना चाहिए था. हमारी सरकार में सिलेंडर की कीमतें 430 रुपये थीं. आखिर इन्होंने उस कीमत को क्यों नहीं मैच कर दिया?
इसके अलावा समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह ने भी सिलेंडर की कीमत में की गई कमी को लेकर मोदी सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा, महादेव देख रहे हैं कि लोगों को (बीजेपी सरकार द्वारा) कैसे धोखा दिया जा रहा है. सिलेंडर के दाम बढ़ रहे हैं. मुझे लगता है कि पीएम मोदी को न केवल गांवों के 'प्रायोजित हिस्से' का दौरा करना चाहिए, बल्कि वास्तव में जाकर देखना चाहिए कि 'उज्जवला योजना' कैसे एक धोखा है. महिलाएं आबादी का एक बड़ा हिस्सा हैं और हमारे समाज में भी उनकी बड़ी हिस्सेदारी है. इसलिए जब तक आप उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत नहीं बनाएंगे, तब तक समाज का विकास नहीं होगा.