भोपाल. अपकमिंग डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘काली’ के पोस्टर में मां काली को सिगरेट पीते दिखाया है जिससे बवाल मच गया है. इस पर मध्यप्रदेश में भी विवाद हो गया है और प्रदेश में फिल्म को बैन किया जाएगा। फिल्म की डायरेक्टर लीना मणिमेकलाई के खिलाफ FIR की भी तैयारी की जा रही है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि पोस्टर से विवादित चित्र को फिल्म डायरेक्टर तत्काल हटाएं अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में पहले ही उत्तरप्रदेश में डायरेक्टर लीना मणिमेकलाई के खिलाफ केस दर्ज किया जा चुका है।

'काली' फिल्म के पोस्टर में माता काली को आपत्तिजनक रूप से दिखाया गया है. इसके जरिए हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाओं को भड़काने का आरोप लग रहा है। मामले में गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का बयान भी सामने आ गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करते हुए लिखा कि डॉक्यूमेंट्री फिल्म 'काली' में मां काली को सिगरेट पीते हुए दिखाना काफी आपत्तिजनक है। इस मामले में FIR करवाने के लिए बोलूंगा और मध्यप्रदेश में फिल्म कैसे प्रतिबधिंत हो इस पर विचार किया जाएगा। अगर फिल्म के पोस्टर तत्काल नहीं हटाए तो आगे कड़ी कानूनी कार्रवाई करेंगे।

मिश्रा ने कहा कि यह फिल्म बेहद आपत्तिजनक है। इसमें देवी ‘काली माता’ का अपमान किया गया है। उन्होंने कहा कि मैं मणिमेकलाईजी से पूछना चाहता हूं कि वे आखिर हिंदू देवी-देवताओं पर ही क्यों फिल्में बनाती है? क्या उनमें दूसरे धर्म के देवताओं पर फिल्म बनाने की हिम्मत है ? इस पोस्टर का सोशल मीडिया पर भी विरोध हो रहा है.