भोपाल: प्रदेश के छतरपुर एवं टीकमगढ़ जिले के सात ब्लाकों में मिनरल एक्सप्लोरेशन कारपोरेशन लिमिटेड कंपनी बहुमूल्य खनिज हीरे की खोज करेगी। इसके लिये राज्य के खनिज विभाग ने इस कंपनी को खोज की अनुमति प्रदान कर दी है।
छतरपुर जिले के अंगीरा ए ब्लाक के 1.862 वर्ग किमी में तथा अंगीरा ब्लाक बी के 4.049 वर्ग किमी उक्त कंपनी के पक्ष में आरक्षित किया गया है। इसी प्रकार, टीकमगढ़ जिले के टीकमगढ़ ए ब्लाक में 10.897, बी ब्लाक में 9.993, सी ब्लाक में 38.822, डी ब्लाक में 2.372 तथा ई ब्लाक में 16.152 वर्ग किमी क्षेत्र आरक्षित किया गया है। इन सभी सात ब्लाकों में उक्त कंपनी हीरे की खोज करेगी जिसके लिये प्रारंभ में उसे दो साल का समय दिया गया है तथा इसके बाद जरुरत पडऩे पर तीन साल और खोज के लिये अनुमति दी जा सकेगी। पांच वर्ष के बाद यह अनुमति नहीं दी जायेगी।
राज्य के खनिज विभाग ने शर्त लगाई है कि कंपनी खोज के पहले इसकी सूचना संचालक खनिज को देगी तथा निर्धारित समयावधि में खोज कर अपनी विस्तृत खोज रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। साथ ही खोज के लिये क्षेत्र में भूमि स्वामी की सहमति की जायेगी। यदि क्षेत्र में वन भूमि आ रही है तो वन विभाग से एनओसी प्राप्त करना होगी। प्रतिबंधात्मक स्थलों पर खोज नहीं की जा सकेगी।