भोपाल. माधुरी बेन के खिलाफ कलेक्टर कार्यालय में चल रही जिलाबदर की कार्यवाही का मुख्य गवाह रेवाराम पिता पीठा निवासी ग्राम लिंगी फाँटा विगत लगभग 15-20 दिनों से गायब है। जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट निम्बोला थाने में दर्ज हुई है।

उनके परिजनों से पूछताछ करने पर बताया गया है कि वह कई दिनों से घर नहीं आया है और न ही उनसे कोई संपर्क है। इस गुमशुदगी से यह आशंका  व्यक्त की जा रही है कि संभवतः जागृत आदिवासी दलित संगठन के लोगों द्वारा उसे जिलाबदर की कार्यवाही में सम्मिलित न होने हेतु धमकाया गया है। इसके कारण रेवाराम इतने दिनों से गायब है।

पूर्व में रेवाराम ने कलेक्टर कार्यालय में अपने बयान में यह बताया था कि वह माधुरी बेन द्वारा ली जाने वाली गुपचुप बैठकों में सम्मिलित हुआ था, जहां बैठक में लोगों को माधुरी बेन द्वारा अवैध कटाई करने के लिए उकसाया जाता था। रेवाराम ने वनाधिकार पत्र के लिए जागृत आदिवासी दलित संगठन के लोगों को पैसे भी दिए थे।