पंजाब को 10 विकेट से हराकर मध्य प्रदेश ने सात साल बाद रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। गुरुवार को क्वार्टर फाइनल मैच के चौथे दिन मध्यप्रदेश ने पंजाब की दूसरी पारी को  203 रनों पर समेट दिया और जीत के लिए जीत के लिए मिला 26 रन का लक्ष्य बिना किसी नुकसान के हासिल कर लिया। 

चौथे दिन मध्यप्रदेश के तेज गेंदबाज कुमार कार्तिकेय ने पंजाब के छह बल्लेबाजों को चलता कर जीत की बुनियाद रख दी। वहीं चार विकेट स्पिनर सारांश जैन के खाते में आये। पंजाब के लिए अनमोल मल्होत्रा ने 34 और मयंक मारकंडे ने 33 रनों की नाबाद पारी खेली। 

इसके बाद मध्यप्रदेश को जीत के लिए 26 रन का लक्ष्य मिला, जिसे उन्होंने बिना किसी नुकसान के हासिल किया। ओपनर  यश दुबे 17 व हिमांशु मंत्री 9 रन बनाकर नाबाद रहे। 

इससे पहले पंजाब ने पहली बारी में 219 रन बनाए थे,जिसके जवाब में मध्यप्रदेश ने 397 रनों का स्कोर खड़ा किया था। इस तरह मध्यप्रदेश को पहली पारी में 178 रनों की बढ़त मिली थी। मध्य प्रदेश के लिए पहली पारी में शुभम शर्मा ने 102 रनकी शतकीय पारी खेली थी। 

मध्यप्रदेश की जीत पर MPCA के पूर्व चेयरमैन ज्योतिरादित्य सिंधिया ने टीम को बधाई दी और कोच चंद्रकांत पंडित की तारीफ की।-

गौरतलब है कि कोच चंद्रकांत पंडित के निर्देशन में मध्यप्रदेश की टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। मध्य प्रदेश की टीम वर्ष 2015-16 सीजन में सेमीफाइनल में पहुंची थी। इससे पहले 1998-99 में टीम उपविजेता रही थी। सेमीफाइनल मुकाबले 14 जून से खेले जाएंगे। जबकि फाइनल मुकाबला 22 जून से खेला जाना है।