भोपाल: मप्र कांग्रेस कमेटी ने 21 मई को विधायक दल की बैठक बुलाई है. नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद डा.गोविन्द सिंह की अध्यक्षता में यह पहली बैठक होगी. इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे. बैठक में विधायकों को आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जिम्मेदारी सौंपी जाएगी.
पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि विधायकों को अपने क्षेत्र के साथ-साथ अन्य विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया गया है. इसमें जिले के अलावा उन सीटों को शामिल किया गया है, जहां पार्टी प्रत्याशी कम अंतर से हार गए थे. बैठक में डा.सिंह की विधानसभा में मदद के लिए वरिष्ठ विधायकों की एक समिति का गठन भी किया जा सकता है. मुख्य सचेतक के नाम पर भी इस दौरान चर्चा होगी.
बिजली कटौती के खिलाफ तहसील कार्यालय पर प्रदर्शन करेगी कांग्रेस-
बिजली की अघोषित कटौती के खिलाफ कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन करेगी. इसमें तहसील स्तर पर बिजली कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन होगा. इसके लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिए हैं. साथ ही विधायकों से कहा है कि वे भी इसमें भागीदारी करें.
प्रदेश कांग्रेस के संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर ने बताया कि बिजली की समस्या ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक है. आठ से दस घंटे तक बिजली की अघोषित कटौती हो रही है. पार्टी ने तय किया है कि इसके खिलाफ तहसील स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा. जिला अध्यक्ष अपने हिसाब से तारीख तय करेंगे और उसमें विधायक भी हिस्सा लेंगे.