बिहार में नीतीश कुमार-तेजस्वी यादव की महागठबंधन सरकार ने आज भारी बहुमत से विश्वास मत हासिल किया। विश्वास मत का प्रस्ताव पेश होने के बाद नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव समेत सत्ताधारी पार्टी के कई नेताओं ने बीजेपी पर हमला बोला। महागठबंधन के दावों को भाजपा ने खारिज किया।

इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक एक दूसरे पर आरोप लगाते नजर आए। अंत में बहुमत के बावजूद, सत्ताधारी दल द्वारा मतदान की मांग की गई।

जिस पर भाजपा विधायकों ने विरोध जताते हुए कहा कि जब विश्वास प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित हो गया है तो मतदान की क्या जरूरत है। हालांकि अंत में मतदान हुआ। यह देख भाजपा विधायकों ने मतदान का बहिष्कार किया और सदन से बाहर चले गए।

बिहार विधानसभा के अगले स्पीकर का चुनाव जल्द-

फ्लोर टेस्ट से पहले बीजेपी नेता और विधानसभा स्पीकर विजय कुमार सिन्हा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। वह मंगलवार तक इस्तीफा नहीं देने पर अड़े थे, जिसका जनता दल यूनाइटेड ने विरोध किया था। स्पीकर के इस्तीफे के बाद डिप्टी स्पीकर ने फ्लोर टेस्ट कराया। फ्लोर टेस्ट के बाद बताया गया कि बिहार विधानसभा के अगले अध्यक्ष का चुनाव 26 अगस्त को होगा।