महाकुंभ के दौरान गुरुवार रात किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरि उर्फ छोटी मां पर हमला हुआ। हमले में उनके तीन शिष्य भी घायल हो गए। घटना के बाद सभी को तुरंत महाकुंभ सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
यह घटना उस समय घटी जब कल्याणी नंद गिरि अपनी कार से अखाड़े के शिविर की ओर लौट रही थीं। रास्ते में कुछ लोग आशीर्वाद लेने के बहाने उनकी गाड़ी के पास पहुंचे, गाड़ी रोकी और उन पर चाकू से हमला कर दिया। जो शिष्य उन्हें बचाने आए उन पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया।
इस हमले के पीछे चल रहे विवाद को भी एक कारण माना जा रहा है। 9 फरवरी को परी अखाड़े की जगद्गुरु हिमांगी सखी ने कल्याणी नंद गिरि, आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी और कौशल्या नंद गिरी पर मारपीट का आरोप लगाया गया था। पुलिस इस विवाद के संदर्भ में भी हमले की जांच कर रही है और जांच जारी है।
सेंट्रल अस्पताल के सीएमएस डॉ. मनोज कौशिक ने बताया कि कल्याणी नंद गिरी समेत चार लोगों को भर्ती कराया गया है। हालांकि, घायलों को मामूली चोटें आई हैं और सभी खतरे से बाहर हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और घटना के पीछे की साजिश का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
इस बीच 10 फरवरी को विवादों के चलते ममता कुलकर्णी ने महामंडलेश्वर पद से इस्तीफा दे दिया। लेकिन आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मीनारायण ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया। जिसके बाद ममता कुलकर्णी फिर से अखाड़े में शामिल हो गई हैं और उन्होंने महामंडलेश्वर का पद भी स्वीकार कर लिया है।