कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की अच्छी सेहत के लिए मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में अनुष्ठान चल रहा है. सोनिया के स्वास्थ्य लाभ के लिए यहां महामृत्युंजय मंत्र का अनुष्ठान किया जा रहा है। उनकी बेटी और कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के द्वारा यह जाप करवाया जा रहा है। कुछ दिन पहले सोनिया गांधी कोरोना संक्रमित पाई गई थीं उसके बाद यह जाप करवाया गया.

इसकी शुरुआत पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल समेत अन्य कांग्रेस नेताओं ने पूजन-अर्चन करते हुए की थी। महाकाल का यह विशेष अनुष्ठान 11 दिन तक चलेगा. रोज पांच पंडित जाप और पूजा करेंगे। प्रियंका गांधी ने महाकाल मंदिर में मां के बेहतर स्वास्थ्य की कामना के लिए महामृत्युंजय जाप करवाने को कहा है। कांग्रेस नेता सत्यनारायण पटेल, मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव रवि शुक्ला, रघु परमार सहित अन्य नेताओं ने पूजन अर्चन कर अनुष्ठान की शुरुआत की। इसकी पूर्णाहुति में प्रियंका गांधी भी मंदिर आ सकती हैं।

गौरतलब है कि सोनिया गांधी की 2 जून को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद से ही सोनिया गांधी का स्वास्थ्य खराब चल रहा है। 12 जून को उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उनके श्वसन तंत्र में इंफेक्शन भी पाया गया। नाक से ब्लड आने के बाद 12 जून को सोनिया को नई दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।

कांग्रेस नेता रवि शुक्ला के अनुसार पार्टी अध्यक्ष सोनिया के कोरोना संक्रमित होने के बाद प्रियंका गांधी का मैसेज आया था जिसमें उन्होंने महाकाल मंदिर में महामृत्युंजय जाप की इच्छा जताई थी। शनिवार से इसकी शुरुआत की गई है। इससे पहले 2018 में राहुल गांधी महाकाल दर्शन के लिए आए थे। उनकी दादी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, पिता राजीव गांधी और मां स्वयं सोनिया गांधी भी महाकाल दर्शन के लिए आ चुके हैं।