किसी व्यक्ति का सुंदर होना न होना ईश्वर की देन कहलाता है। कौन कितना गोरा या सांवला होगा ये भी हम तय नहीं कर सकते। अगर कोई महिला बहुत सुन्दर हैं तो क्या यह उसके लिए दोष है? किसी भी व्यक्ति के रंग रूप से उसके व्यक्तित्व का पता लगा पाना क्या संभव है? ऐसे कई सवाल हैं जो एक वायरल वीडियो को देखने के बाद खड़े हो गए है।
दरअसल, इन दिनों एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में अनिरुद्धाचार्य महाराज व्यास गद्दी पर बैठकर धर्म के नाम पर जो कह रहे हैं वो कितना धार्मिक है इसका निर्णय आप खुद कर लीजिये..!
इस वीडियो में महाराज सवाल पूछते हैं, माता सीता का हरण क्यों हुआ? द्रौपदी का भरी सभा में चीर हरण क्यों हुआ? फिर इसका जवाब देते हुए महाराज जो कहते हैं उसे सुनकर आप हैरान रह जाएंगे।
महाराज जी बताते हैं कि माता सीता का हरण इसलिए हुआ क्योंकि वह ज़रूरत से ज्यादा सुंदर थी? द्रौपदी का भरी सभा में चीर हरण क्योंकि द्रोपदी भी ज़रूरत से ज्यादा सुंदर थी। अब आप ही बताइए क्या सीताजी का हरण और द्रौपदी का चीरहरण उनकी सुंदरता के कारण हुआ था? जवाब है नहीं।
माता सीता के हरण का कारण सूर्पनखा का लक्ष्मण से विवाह का हठ और उसके बाद लक्ष्मण द्वारा सूर्पनखा की नाक काट लिए जाने को माना जाता है वहीं द्रौपदी के चीरहरण के पीछे भी उनकी दुशासन पर की गई अपमानजनक टिप्पणी को ही माना जाता है।
हिंदू धर्म की ये ऐसी घटनाएं हैं जिन पर सबका अलग-अलग विमर्श हो सकता है लेकिन महाराज जी के हिसाब से घटनाओं को इस तरह तोड़-मरोड़ कर पेश करना कतई सही नहीं माना जा सकता है। यही कारण है कि महाराज की इस बात का सोशल मीडिया यूजर्स के साथ-साथ देश के कई प्रबुद्धजन भी विरोध कर रहे हैं।