महाराष्ट्र की सियासत में एक बार फिर उलटफेर होने के दावे किए जा रहे हैं। शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत के बाद अब उद्धव ठाकरे ने भी कहा कि जल्द ही एकनाथ शिंदे सीएम की कुर्सी से हटने वाले हैं। संजय राउत के बाद उद्धव ठाकरे के इस दावे के बाद प्रदेश में सियासी अटकलों का दौर जारी है।
उद्धव ठाकरे ने अपने मुखपत्र सामना में दावा किया था कि एक तरफ शिंदे गुट अपनी कुर्सी बचाने में जुटा है तो दूसरी तरफ उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का गुट उनको मीठी-मीठी बातों में उलझाकर पीठ पीछे खेल करने की तैयारी कर रहा है। राजनीतिक जानकार इस बात को एक रणनीति बता रहे हैं। उनका कहना है कि इस तरह की बातें करके उद्धव ठाकरे भाजपा और शिंदे गुट के विश्वास पर हमला कर रहे हैं।
भाजपा विधायक और राज्य में राजस्व मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल ने कहा था कि महाराष्ट्र के लोग देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री के तौर पर देखते हैं। वहीं संजय राउत का कहना है कि मुख्यमंत्री को छुट्टी पर भेज दिया गया है और उनकी छुट्टी बढ़ाई भी जा सकती है। संजय राउत ने शनिवार को यहां तक दावा दावा किया था कि राज्य में एकनाथ शिंदे की सरकार का डेथ वॉरंट जारी हो गया है और अगले 15-20 दिन में यह सरकार गिर जाएगी।
वहीं महाराष्ट्र में ये भी कयास लगाए जा रहे थे कि एनसीपी में अजित पवार फूट डाल सकते हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि वह हमेशा एनसीपी में ही रहेंगे। इस बीच सबकी निगाह सुप्रीम कोर्ट पर टिकी हैं जहाँ महाराष्ट्र के सत्ता संघर्ष का फैसला आना है। सुप्रीम कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलील को सुनकर फैसला सुरक्षित रख लिया है।