महाराष्ट्र में चल रही सियासी हलचल के बीच एनसीपी के प्रमुख शरद पवार का बड़ा बयान सामने आया है। इस बयान के बाद यह कहा जा रहा है कि महाराष्ट्र में कोई बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आ सकता है। 

शरद पवार ने मुंबई के युवा मंथन कार्यक्रम में कहा कि किसी ने मुझे कहा कि रोटी सही समय पर पलटनी होती है और अगर सही समय पर नहीं पलटी तो वो कड़वी हो जाती है। अब सही समय आ गया है रोटी पलटने का, उसमें देरी नहीं होनी चाहिए। इस बारे में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को आग्रह करूंगा कि वो इस पर काम करें। 

पूर्व मुख्यमंत्री शरद पवार के बयान से पहले उनके भतीजे और एनसीपी नेता अजित पवार को लेकर अटकलों का दौर चल ही रहा है। कहा जा रहा है कि अजित पवार बीजेपी के साथ हाथ मिला सकते हैं। हालांकि इन दावों को अजित पवार खारिज करते रहे हैं। 

शरद पवार से पहले एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले ने भी यह कह कर सियासी  माहौल गर्म कर दिया था कि अगले 15 दिन में दिल्ली और महाराष्ट्र में बड़े बदलाव दिखाई दे सकते हैं। वहीं राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की नाराजगी की ख़बरें आ रही हैं।