भोपाल: राज्य के वन विभाग ने वन मंडल सतना के वन परिक्षेत्र मैहर के अंतर्गत मैहर सीमेंट का वन भूमि पर कब्जा न हटाने के मामले में वहां के प्रभारी एसडीओ यशपाल मेहरा एवं रेंजर सतीश चन्द्र मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन काल में दोनों अधिकारियों का मुख्यालय वन वृत्त रीवा निर्धारित किया गया है।
यह है मामला :
मैहर सीमेंट को 193.1867 हेक्टेयर वन भूमि वर्ष 1975 में 99 वर्ष की लीज पर दी गई थी। लेकिन इस कंपनी ने स्वीकृत भूखण्ड सीमा से बाहर वन कक्ष पी-55 में रकबा 27.9 हेक्टेयर अर्थात लगभग 70 एकड़ में कॉलोनी, कॉलेज, आवासीय कॉलोनी, हास्पिटल, बाजार आदि का निर्माण कर वन भूमि पर अतिक्रमण कर लिया। पिछले विधानसभा सत्र में एक सवाल के जवाब में इस अतिक्रमण को स्वीकार किया गया परन्तु कोई कार्यवाही नहीं की गई थी।
वन विभाग ने जब इस पर जांच की तो 24 फरवरी 2024 को वन अपराध संबंधी पीओआर काट दी गई। लेकिन इससे वन विभाग संतुष्ट नहीं हुआ और लम्बे समय से चले आ रहे उक्त अतिक्रमण पर अब कार्यवाही करते हुये उक्त दोनों अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया।