कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार बने मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को राज्यसभा में विपक्ष के नेता के पद से इस्तीफा दे दिया है। खड़गे ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा भेजा है। यह फैसला कांग्रेस के चिंतिन शिविर में पास 'एक व्यक्ति एक पद' के प्रस्ताव के तहत लिया है।

नामांकन के बाद खड़गे कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में अब तक सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। शशि थरूर से उनका सीधा मुकाबला होगा। खड़गे को गांधी परिवार के समर्थन की बात भी कही जा रही है जिससे उनकी जीत निश्चित दिख रही है। खड़गे के इस्तीफे के बाद राज्यसभा में नेता विपक्ष के पद के लिए मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह का नाम रेस में आगे माना जा रहा है।

दिग्विजय का दावा इसलिए भी मज़बूत माना जा रहा है क्योंकि अध्यक्ष पद और राज्यसभा में विपक्ष का नेता पद के लिए उत्तर और दक्षिण में संतुलन स्थापित करना कांग्रेस के लिए मुश्किल हो रहा है। इसलिए विपक्ष के नेता का पद उत्तर भारत के नेता को दिया जा सकता है और ऐसे में दिग्विजय सिंह विपक्ष का नेता बन सकते हैं।

गौरतलब है कि मल्लिकार्जुन खड़गे ने शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था। खड़गे ने करीब डेढ़ साल पहले फरवरी 2021 में राज्यसभा में नेता विपक्ष का पद संभाला था। पार्टी अध्यक्ष चुने जाने के बाद खड़गे को राज्यसभा में विपक्ष के नेता के पद से इस्तीफा देना ही पड़ता। अब खड़गे की जगह नया नेता विपक्ष बनना तय हो गया है।