ममता बनर्जी मंगलवार को यूपी विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए लखनऊ पहुंचीं। यहां उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें ममता ने अखिलेश को भाई बताया। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण से पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। ममता ने कहा कि, अखिलेश जी को शुक्रिया अदा करना चाहूंगी कि आपने जया बच्चन जी एवं किरणमय नंदा जी को बंगाल भेजकर हमारे लिए कैंपेन कराया था। ममता बनर्जी ने प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी लोग एकजुट होकर सपा को वोट दें और बीजेपी को हराएं।

ममता ने कहा, "मैंने सुना है कि हमारा कार्यक्रम है, इसलिए भाजपा आज अपना घोषणापत्र जारी कर रही है। उन्होंने कहा कि, "पहले माफी मांगो, फिर वोट मांगो" उन्नाव और हाथरस में क्या हुआ था ? हम माँ गंगा की पूजा करते हैं, यूपी में गंगा से शव मिले। महामारी के समय सभी शवों को गंगा में फेंक दिया गया। लेकिन बंगाल में सभी शवों का अंतिम संस्कार किया गया। ममता बनर्जी ने आगे कहा कि, टीएमसी यूपी में चुनाव नहीं लड़ रही है। लेकिन अगर देश को बीजेपी से बचाना है तो यूपी चुनाव लड़ रहे अपने भाई अखिलेश यादव का साथ देना जरूरी है। ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल में यूपी, बिहार, राजस्थान, पंजाब के कई लोग रहते हैं। इधर, अखिलेश यादव ने कहा, ''उम्मीद करता हूं कि 10 मार्च को हम सभी मिलकर जीत की खुशी मनाएंगे।''

इसके बाद ममता बनर्जी ने "ए मेरे वतन के लोगों" गीत गाकर लता मंगेशकर को याद किया। ममता ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि, चुनाव के बाद भाजपा के नेता घर में रहते है, कोई दिल्ली में रहता है, कोई हैदराबाद में रहता है और ये सभी नेता सिर्फ चुनाव के दौरान ही नज़र आते है। ऐसे लोगों को वोट देकर कभी भी अपने वोट को ख़राब न करें।

लखनऊ में ममता बनर्जी ने राज्य की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारे किसान आंदोलन कर रहे थे और भाजपा के मिनिस्टर के बेटे ने किसानों को गाड़ी से कुचलकर मार दिया। इसके लिए आप माफी तो मांगिए। पांच साल में बीजेपी सरकार ने क्या किया ? बीजेपी ने इतिहास को बदलने का काम किया है। शहीद ज्योति को नष्ट कर दिया।

बाबा साहेब अम्बेडकर जिन्होंने हमारे कॉन्स्टिट्यूशन की रचना की थी आज बीजेपी उससे खेल रही है। फर्जी एनकाउंटर कर लोगों को मारने की जरूरत क्या है आप कानून से काम लीजिए। यूपी में एनकाउंटर के नाम पर कितने लोगों को मारा गया एनआरसी के टाइम पर हम सभी ने देखा।   ममता बनर्जी ने कहा कि, मोदी जी कहते हैं कि हमने यूपी को पैसा दिया। मोदी जी क्या आपने अपने पॉकेट से दिया पैसा ? यह सभी पैसा स्टेट से मिलता है। वह जनता का पैसा है।