रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को धमकी देने वाले शख्स को बिहार के दरभंगा से गिरफ्तार कर लिया गया है. बिहार के दरभंगा से गिरफ्तार करने के बाद पुलिस उसे अपने साथ मुंबई ले आई है. आरोप है कि उसने रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल के लैंडलाइन नंबर पर फोन किया और अंबानी परिवार को जान से मारने की धमकी दी. साथ ही अस्पताल को उड़ाने की भी धमकी दी.

आरोपी दरभंगा से गिरफ्तार-

जानकारी के मुताबिक, मनीगाछी के ब्रह्मपुरा गांव निवासी सुनील कुमार मिश्रा के बेटे राकेश कुमार मिश्रा को मुंबई पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस बुधवार शाम करीब 4 बजे सादे कपड़ों में राकेश के घर पहुंची. उस समय घर का मुख्य दरवाजा बंद था. पुलिस ने दरवाजा खटखटाया, जिसे आरोपी राकेश ने ही खोला. दरवाजा खोलते ही पुलिस ने राकेश के मोबाइल पर कॉल कर दिया, जिससे राकेश का फोन बजने लगा.

इसके बाद पुलिस ने राकेश को गिरफ्तार कर लिया. स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी राकेश मानसिक बीमारी का शिकार है. तो राकेश के पिता सुनील कुमार मिश्रा बिहार इंटर काउंसिल में कार्यरत हैं. दरभंगा के एसएसपी आकाश कुमार ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि मुंबई पुलिस आरोपी राकेश मिश्रा को गिरफ्तार कर अपने साथ मुंबई ले गई है. जहां उससे पूछताछ की जाएगी.

क्या मामला है?

रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल को वास्तव में बुधवार को एक अज्ञात नंबर से यह धमकी भरा कॉल आया था. फोन करने वाले ने मुकेश अंबानी और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी. फोन करने वाले ने अस्पताल को उड़ाने की भी धमकी दी थी. जिसके बाद पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया है.