Covid 19 India: देश में कोरोना की दोबारा एंट्री हो चुकी है. बीते कुछ दिनों से राज्यों में कोरोना के नए मामले भी आने शुरू हो गए हैं. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने आज सुबह एक समीक्षा बैठक की है. जिसमें सभी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्री शामिल हुए. इस बैठक के पीछे की वजह यह हैं कि इन दिनों कोरोना के नए वेरिएंट JN.1 ने सभी की चिंताएं बढ़ा दी हैं.

केंद्र सभी राज्यों की मदद से लिए तैयार-

इस बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं और कोरोना मामलों के खिलाफ तैयारियों और संक्रमण को रोकने के उपायों पर भी चर्चा की गई. इस समीक्षा बैठक में मनसुख मंडाविया ने कहा कि यह समय मिलकर काम करने और पूरी सरकार के दृष्टिकोण को एक साथ लेकर काम करने का है. हमें सतर्क रहने की जरूरत है लेकिन घबराने की जरूरत बिल्कुल भी नहीं है.

उन्होंने आगे कहा कि अस्पताल की तैयारी, निगरानी बढ़ाने और जनता के साथ प्रभावी संचार के लिए मॉक ड्रिल के साथ तैयार रहना बहुत महत्वपूर्ण है. करीब तीन महीने में एक बार अस्पतालों में मॉक ड्रिल आयोजित की जानी चाहिए. मॉक ड्रिल के जरिए इस बात का आकलन हो पाएगा कि कोरोना की इस लड़ाई में देश के अस्पताल किस तरह तैयार हैं. मैं केंद्र की तरफ से राज्यों को पूरे समर्थन का आश्वासन देता हूं.

देश में एक बार फिर बढ़े कोरोना के मामले-

पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 341 नए मामले सामने आए हैं. जिसमें केरल में तीन लोगों की मौत हो गई है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, केरल में कोरोना के 292, तमिलनाडु में 13, महाराष्ट्र में 11, कर्नाटक में 9, तेलंगाना और पुडुचेरी में 4, दिल्ली में 3 और गुजरात में 2 जबकि पंजाब और गोवा में एक-एक केस दर्ज हुए है.

देश में एक्टिव मामलों की संख्या 2,311 पहुंच गई है. आज हुई बैठक में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य मंत्री, अधिकारियों, आईसीएमआर के निदेशक डॉ. राजीव बहल, नीति आयोग के सदस्य और आईसीएमआर के पूर्व महानिदेशक डॉ. सौम्या स्वामीनाथन भी शामिल थीं.