मणिपुर चुनाव 2022 का पहला चरण आज से शुरू हो गया है। इम्फाल ईस्ट, इंफाल वेस्ट, चुराचंदपुर, बिष्णुपुर और कांगपोकपी समेत पांच जिलों की 38 सीटों पर आज वोटिंग हो रही है। पहले चरण में 15 महिलाओं समेत कुल 173 उम्मीदवार मैदान में हैं। पहले चरण में सुबह 11 बजे तक 27.34 फीसदी मतदान हुआ। 

चुनाव आयोग के मुताबिक, इनमें से 39 उम्मीदवारों का आपराधिक रिकॉर्ड है। भाजपा ने सभी 38 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं जबकि कांग्रेस केवल 35 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इस बार जदयू ने भी मैदान में उतरकर 28 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

सीएम बीरेन सिंह ने कहा- 38 में से 30 सीटें जीतेंगी

सीएम और बीजेपी प्रत्याशी एन बीरेन सिंह इम्फाल के श्रीवान हाई स्कूल में वोट डालने पहुंचे। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि मेरे निर्वाचन क्षेत्र के 75% लोग मुझे और बीजेपी को वोट देंगे।" भाजपा को पहले चरण में 38 में से कम से कम 30 सीटें जीतने की उम्मीद है।

इस दौरान उन्होंने सभी लोगों से वोट डालने की अपील की, बीरेन सिंह ने कहा- मैं अपने क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ अन्य मतदाताओं से भी आग्रह करता हूं कि वे अपना बहुमूल्य वोट दें और संविधान द्वारा प्रदत्त लोकतांत्रिक शक्ति का उपयोग करें।