रतलाम. गुजरात और मध्यप्रदेश में बारिश अब आफत बन चुकी है. लगातार और तेज बरसात के कारण जहां अनेक जगहों पर सड़क संपर्क टूट चुका है वहीं अब रेल ट्रैक पर पानी भराने और रेल लाइन खराब होने की शिकायतें सामने आने लगी हैं. इसके कारण रेल यातायात भी प्रभावित हो रहा है. पश्चिम रेलवे में मंगलवार को बारिश से ट्रैक खराब होने से कई ट्रेनें प्रभावित हुईं.

रेलवे अधिकारियों के अनुसार पश्चिम रेलवे के डभाई छोटा उदयपुर रेल खंड में बारिश से ट्रैक खराब हो गया. रेल खंड के छैछापुरा व डभोई के बीच स्थित ब्रिज के पास ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया है. इसके कारण दो ट्रेनों को समीप के रेलवे स्टेशनों पर रोका गया. इनके करीब 3 दर्जन यात्रियों को बाद में बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया. यात्रियों के चाय नाश्ता व पीने के पानी की व्यवस्था भी कराई गई.