तमिलनाडु के शिवगंगई में एक हिंदू संगठन द्वारा वैलेंटाइन डे पर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया गया है। भगवा झंडा लिए हिंदू संगठनों के कुछ कार्यकर्ताओं ने वैलेंटाइन डे के विरोध में दो कुत्तों की शादी करा दी। वैलेंटाइन डे को हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भारतीय संस्कृति के खिलाफ बताया। 

उन्होंने कहा कि हर साल हम इसी तरह पश्चिम की इस संस्कृति का विरोध करते हैं। जानकारी के मुताबिक, वैलेंटाइन डे पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता दो कुत्तों के साथ विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे थे। उन्हें कपड़े पहनाए और वरमाला पहनाई और फिर दोनों का विवाह करवा दिया।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि वैलेंटाइन डे पर प्रेमी युगल सार्वजनिक तौर पर अभद्र व्यवहार करते हैं। इसके विरोध में उन्होंने कुत्तों की शादी करवाई है। बता दें कि आज वैलेंटाइन डे मनाया जा रहा है। इस दिन प्रेमी जोड़े अपने प्यार का इजहार करते हैं।

वैलेंटाइन डे के पहले पूरे एक हफ्ते पहले प्रेमी जोड़े एक-दूसरे से मिलते हैं और अलग-अलग दिनों के हिसाब से अपने प्यार का इजहार करते हैं। हालांकि लंबे समय से हिंदू संगठन इस दिन का विरोध करते रहे हैं। बता दें कि हमारे देश में वैलेंटाइन डे मनाने पर कोई सरकारी रोक नहीं है और न ही इसके खिलाफ कोई कानून है।