चीन में कोरोना के बढ़ते मामलों से भारत में भी इसका खौफ लौट आया है। ओमीक्रोन का सब वेरिएंट BF.7 चीन में कहर बरपा रहा है। इसे लेकर अब भारत भी सतर्क हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को इस पर हाई लेवल मीटिंग की।
इसके अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और स्वास्थ्य मंत्रियों ने कोविड-19 की तैयारियों और प्रोटोकॉल की समीक्षा के लिए बैठक की। जिसमें भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनना अनिवार्य करने, जीनोम सीक्वेंसिंग बढ़ाने और जल्द से जल्द लोगों को कोरोना वैक्सीन की तीसरी खुराक देने पर जोर दिया गया।
ये बैठकें उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आयोजित की गईं। इनमें से कई राज्यों में अधिकारियों और मंत्रियों ने सावधानी बरतने की सलाह दी, लेकिन कहा कि घबराने की कोई बात नहीं है। कोरोना वायरस को लेकर बढ़ते खौफ के बीच एक बार फिर से मास्क पहनने का सिलसिला शुरू हो गया है।
दिल्ली एम्स ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है। इसके मुताबिक अब एम्स के स्टाफ को अस्पताल परिसर में कोविड नियमों का पालन करना होगा। परिसर में मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके साथ ही एम्स कैंपस में पांच से ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर भी रोक लगा दी गई है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को कोविड टेस्टिंग और जीनोम सीक्वेंसिंग बढ़ाने का निर्देश दिया है। उन्होंने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि भीड़-भाड़ वाली जगहों पर लोग मास्क पहनें।
यूपी के डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, "चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को हवाई अड्डों पर निगरानी बढ़ाने और सर्दी और फ्लू जैसे लक्षणों वाले यात्रियों की पहचान करने के लिए कहा गया है।" एक समाचार एजेंसी के मुताबिक जिला स्वास्थ्य अधिकारी के हवाले से कहा है कि लोगों को बिना टेस्ट कराए ताजमहल में जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री के सुधाकर ने कहा कि "अंदर के इलाकों, बंद जगहों और वातानुकूलित इलाकों में" मास्क पहनना एक बार फिर अनिवार्य कर दिया गया है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर आने वाले यात्रियों की औचक जांच और स्क्रीनिंग भी की जाएगी।
इसके अलावा मुंबई के मुंबा देवी मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से मंदिर में दर्शन के दौरान मास्क पहनने के आदेश का पालन करने की अपील की है।
इसके अलावा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार (21 दिसंबर) को राज्य प्रशासन को निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया था। उन्होंने जनवरी 2023 में गंगा सागर मेले से पहले स्वास्थ्य अधिकारियों को कोरोना संक्रमण से जुड़े सभी पहलुओं पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए है। वहीं, केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा कि स्थिति की समीक्षा की गई है और घबराने की जरूरत नहीं है।
कोरोना के बढ़ते खतरे को ध्यान में रखते हुए, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने गुरुवार (22 दिसंबर) को एक सलाहकार बैठक की अध्यक्षता की और अधिकारियों को सभी सकारात्मक नमूनों की जीनोम अनुक्रमण करने का निर्देश दिया।
राज्य ने केंद्र सरकार से चीन और हांगकांग से आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के अनिवार्य परीक्षण के लिए दिशानिर्देश जारी करने को भी कहा। झारखंड में कोरोना का कोई सक्रिय मामला सामने नहीं आया है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि चिंता करने की कोई बात नहीं है, लेकिन प्रशासन सतर्क रहने के केंद्र के सुझाव पर ध्यान दे रहा है।