आंध्र प्रदेश के एक अस्पताल में बड़ा हादसा हो गया है। तिरुपति के पास रेनीगुंटा में नवनिर्मित कार्तिक चिल्ड्रन हॉस्पिटल में रविवार को भीषण आग लग गई, जिसमें एक डॉक्टर और उनके दो बच्चों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर आग पर काबू पा लिया गया हैं। पुलिस ने कहा कि दो मृत बच्चों की पहचान 12 वर्षीय सिद्धार्थ रेड्डी और 6 वर्षीय कार्तिका के रूप में हुई है। जबकि मृतक डॉक्टर की पहचान डॉ. रविशंकर रेड्डी के रूप में हुई है।
हालांकि, घटना में बच्चों की मां और दादी को कोई नुकसान नहीं हुआ है, उन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया हैं। बच्चों की मां का नाम डॉ. अनंत लक्ष्मी बताया जा रहा है। वह बच्चों और पति की मौत से सदमे में है। दमकल अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल में आग बिजली के शार्ट सर्किट से लगी होने की संभावना है। आग की लपटों में ये दोनों बच्चे और उनके पिता के आने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, इस अस्पताल का संचालन डॉ. रविशंकर रेड्डी कर रहे थे। रविवार सुबह करीब चार बजे कार्तिक प्राइवेट क्लिनिक में आग लग गई। जिसके बाद तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई।
पुलिस घटना की जांच में जुटी-
बताया जा रहा है कि आग बिल्डिंग की सबसे ऊपरी मंजिल पर लगी थी, जहां डॉक्टर अपने परिवार के साथ रहते थे। इस घटना में डॉक्टर रविशंकर रेड्डी और उनके बेटे और बेटी की जान चली गई। जबकि स्थानीय लोगों ने उनकी पत्नी डॉ. अनंत लक्ष्मी और मां को बचाया लिया। दोनों फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने कहा कि घटना की पूरी जांच की जाएगी, ताकि आग लगने के असल कारण का पता चल सके।