हिंदू संगठन की घोषणा के बाद मथुरा में तनाव की स्थिति है। इसे लेकर पुलिस अब मुस्तैद नज़र आ रही है। इसी के चलते पुलिस ने एक शख्स को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिया गया शख्स कांवड़ लेकर शाही ईदगाह मस्जिद में घुसने की कोशिश कर रहा था। जिसे मौके पर तैनात पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

आज हिंदू महासभा ने शाही ईदगाह पर हनुमान चालीसा पाठ और लड्डू गोपाल के स्थापना की घोषणा की थी। हिंदू संगठन की धमकी के बाद मथुरा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस ने जगह-जगह सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। वहीं ड्रोन की सहायता से चप्पे-चप्पे पर निगरानी की जा रही है।

क्या मामला है?

मथुरा में, अखिल भारत हिंदू महासभा सहित कई हिंदू संगठनों ने 6 दिसंबर को श्री कृष्ण जन्मस्थान के पास ईदगाह में लड्डू गोपाल और हनुमान चालीसा पढ़ने की घोषणा की। इसे देख पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है। सुरक्षा कारणों से श्रीकृष्ण जन्मस्थान और शाही ईदगाह मस्जिद के आसपास के इलाके को आठ सेक्टरों में बांटा गया है। आगरा जोन के करीब 1261 जवान सुरक्षा में तैनात हैं। उधर, सोमवार को सीओ सिटी के नेतृत्व में पुलिस बल ने इलाके में पैदल मार्च भी किया।

पुलिस की तैनाती के बाद मथुरा छावनी में तब्दील हो गया है। श्रीकृष्ण जन्म स्थान और ईदगाह के आसपास किलाबंदी करने के साथ ही शहर में खुफिया विभाग को भी अलर्ट कर दिया गया है। शहर में हर एक मूवमेंट पर नजर रखी जा रही हैष। सीओ सिटी का कहना है, कि रविवार देर शाम से आगरा जोन के फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़ व आगरा से फोर्स तैनात कर दी गई है।