MP Election 2023: विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं. प्रियंका गांधी ने आज जबलपुर से एमपी विधानसभा चुनाव-2023 का चुनावी शंखनाद कर दिया हैं. इस दौरान प्रियंका गांधी सबसे पहले जबलपुर में गौरी घाट पर नर्मदा मां का पूजन करने पहुंची. इसके बाद उन्होंने सभा को संबोधित किया.

प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन के ज़रिये ना सिर्फ शिवराज सरकार बल्कि बीजेपी और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर भी तंज कसते हुए हमला बोला. उन्होंने इस दौरान महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार,  किसानों, आदिवासियों, कर्मचारियों और सैनिकों तक का मुद्दा उठाया. साथ ही शिवराज सरकार को घोटालेबाज और घोषणावीर की सरकार बताते हुए कांग्रेस की 5 गारंटी तक जनता के सामने रख दी.

प्रियंका गांधी ने संबोधन के ज़रिये विधानसभा चुनाव से पहले ही कांग्रेस की 5 चुनावी गारंटी का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी सरकार बनते ही इन गारंटियों को शत प्रतिशत लागू करेंगे.

मंत्री भूपेंद्र सिंह ने किया पलटवार-

प्रियंका गांधी के इन 5 चुनावी वादों पर शिवराज कैबिनेट के मंत्री भूपेंद्र सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि प्रियंका गांधी ने अभी कर्नाटक में गारंटी दी की बिजली बिल हाफ करेंगे. परन्तु वहाँ चुनाव जीतते ही कांग्रेस ने बिजली की दर प्रति यूनिट बढ़ा दी. कोई छोटी मोटी वृद्धि नहीं, सीधे 2 रुपए 89 पैसे प्रति यूनिट बढ़ाई गई है. न हिमाचल में वादे पूरे किए न कर्नाटक में, यह किस प्रकार की धोखाधड़ी है नागरिकों के साथ?

उन्होंने आगे कहा, आज संस्कारधानी जबलपुर में प्रियंका गांधी आई हैं. उनकी नर्मदा मैया की आरती देख कर पुनः स्मरण हो गया कि एमपी में फिर से चुनावी हिन्दू आ गए. जिन्हें न हिन्दू रीतियों की जानकारी है न संस्कारों की. यह कांग्रेस के नेता 2018, हिमाचल और कर्नाटक की तरह झूठी घोषणाएं लेकर फिर आए हैं.

भूपेंद्र सिंह बोले, प्रियंका गांधी जी आप कहती हैं कि 2018 के जनादेश को भाजपा ने लूट लिया. यह आप जनता का अपमान कर रही हैं. हमारे साथी जो पहले कांग्रेस में थे, किसानों के साथ हुई धोखाधड़ी के विरोध में कांग्रेस छोड़ भाजपा में आये. उन्होंने चुनाव लड़ा, जनता का आशीर्वाद प्राप्त किया और कांग्रेस से मुक्ति पाई.

उन्होंने आगे कहा कि 2018 विधानसभा चुनाव के समय राहुल गांधी मध्य प्रदेश आए थे. प्रदेश के किसानों से झूठे वादे करे थे कि दस दिन में 2 लाख तक का कर्ज माफ करेंगे. अगर कर्ज माफ नहीं हुआ तो मुख्यमंत्री हटा देंगे. लेकिन हुआ यह कि आज वो किसान भाई कांग्रेस के कर्ज माफी के धोखे में उलझ कर, आज तक ब्याज की गठरी और डिफाल्टर का तमगा लगा कर घूम रहे हैं.

ये हैं कांग्रेस की 5 गारंटियां..!

1. हर महीने महिलाओं को 1,500 रुपए दिए जाएंगे.
2. गैस सिलेंडर 500 रुपए में दिया जायेगा.
3. सभी के लिए 100 यूनिट तक बिजली माफ़ और 200 यूनिट तक हाफ होगी.  
4. पुरानी पेंशन योजना लागू होगी.
5. बचे हुए किसानों की कर्जमाफी की जाएगी.