MP News: सियासत हर समय अपने रंग-ढंग बदलती रहती है. इसलिए नेताओं के तेवर भी हर दम बदलते रहते हैं. ख़ासकर चुनावी मौसम में तो नेताओं के तेवर पूरी तरह से नर्म ही रहते हैं. शायद तभी जनता नेता जी से खुलकर विकास कार्यों पर सवाल पूछ लेती हैं.
पर सोचिये अगर नेता ही चुनावी साल में जनता को भरोसा देने की बजाय बेतुका जवाब देने लग जाए तो, फिर आप इसे क्या कहेंगे? ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. ये पूरा मामला मध्य प्रदेश की सियासत से जुड़ा हुआ हैं.
यहां इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में गुना जिले का ये वीडियो काफी सुर्ख़ियों में हैं. वीडियो में नजर आ रहे नेता जी कोई और नहीं बल्कि मध्य प्रदेश सरकार में पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया हैं. वीडियो करीब एक हफ्ते पुराना बताया जा रहा है.
देंखे, मंत्री जी का वायरल वीडियो:
दरअसल, बमोरी विधानसभा क्षेत्र में मंत्री जी दौरे पर पहुंचे थे. तभी ग्रामीणों ने खराब सड़क सुधरवाने की मांग रख दी. फिर क्या था मंत्री जी की तरफ से ऐसा जवाब आया कि ग्रामीणों की बोलती बंद हो गई. वीडियो में ग्रामीण मंत्री जी को बता रहे हैं कि रोड का काम चल रहा है. एक महिला बच्चे के साथ सड़क पर गिर गई थी, जिसे चोट आई है.
काफी दिन हो गए हैं जल्दी से जल्दी रोड बनवा दो. इसके जवाब में मंत्री जी बोले, मैंने एक बटन लगवाया हैं. बटन दबाओगे तो रोड बन जाएगी, बटन दबाओगे तो तालाब बन जायेगा. तभी, वहां पर मौजूद एक व्यक्ति ने मंत्री जी का अजीबोगरीब बयान रिकॉर्ड कर लिया, जो अब वायरल हैं.
मंत्री जी का ये बयान सुन पूरे ग्रामीण हैरान रह गए क्योंकि किसी ने भी ये नहीं सोचा था कि नेता जी भरोसा देने के बजाय उनकी समस्या का ही मज़ाक बना देंगे. ख़ैर, जाते-जाते मंत्री जी ग्रामीणों से इतना ज़रूर कह गए कि सड़क पर डामरीकरण कराने के लिए मशीन उपलब्ध नहीं है. जब मशीन आ जाएगी तो रोड का डामरीकरण कर दिया जाएगा.