कर्नाटक के नतीजे और भाजपा के कुनबे में मची खदबदाहट असंतोष के सुरों के बीच आज मप्र भाजपा की कार्यसमिति हालातों पर विचार करने और नया रोडमैप बनाने के लिए बैठ गई है। 

बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह समेत क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव एवं प्रदेश सह प्रभारी डॉ. रामशंकर कठेरिया, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ, केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते सहित पार्टी के कई सीनियर नेता, सांसद व विधायक शामिल हैं। 

भाजपा आगामी समय में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल की वर्षगांठ पर कई कार्यक्रमों के जरिए फिर जनता से सपन संवाद स्थापित करने की जुगत में है। जानकार सूत्रों का कहना है कि भाजपा ने मप्र के सभी विस क्षेत्रों और लोकसभा क्षेत्रों के लिये बहुत बारीक प्लान तैयार करने पर जोर दिया है। 

ताकि हर घर परिवार तक भाजपा नेता पहुँच सके। इसके तहत विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक और भोजन, पार्टी के सभी सातों मोर्चों का संयुक्त सम्मेलन, हितग्राही सम्मेलन और 21 जून को योगा दिवस पर कार्यक्रम करने की योजना है। 

23 जून की श्यामाप्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश भर के 10 लाख बूथों पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। यह कुछ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से होगा। 20 जून से 30 जून तक घर- घर संपर्क अभियान भी चलाया जाएगा।

फर्क समझाने की कोशिश-

भाजपा की योजना अब सभी जिला मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ पर विशेष कार्यक्रम करने की है। इनके जरिए मोदी सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। 

इस सिलसिले में 29 मई को प्रदेश भर में प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएगी, इसमें बड़े नेता केंद्र सरकार की उपलब्धिया और 2014 के पहले का फर्क बताएँगे, फिर इसी दिन शाम को सभी सोशल मीडिया एन्फ़्लुअर्स के साथ मीटिंग करेंगे और सरकार की उपलब्धियों को साइन करेंगे।

भाजपा का संपर्क अभियान-

सूत्रों की मानें तो हाईकमान की तरफ से कहा गया है कि देशभर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की 51 रैलियां होगी, 396 लोकसभा सीटों पर जनसभाएं होंगी, जिनमें केन्द्रीय मंत्री या पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी का होना जरूरी होगा, मुख्यमंत्री, सांसद एवं विधायक भी इन रैलियों और जनसभाओं में शामिल होंगे, इसमें हर लोक सभा में 250 विशिष्ट परिवारों से संपर्क होगा|