महाराष्ट्र में नवगठित एकनाथ शिंदे सरकार को लेकर भाजपा व महाविकास अघाड़ी के बीच तकरार आज अलग स्तर पर जा पहुंची। बुधवार को राज्य विधानसभा के बाहर भी दोनों के विधायकों ने एक दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एमवीए के विधायकों ने '50 खोखे-एकदम ओके' जैसे नारे लगाए। यह भिड़ंत विधानसभा भवन की सीढ़ियों पर महाराष्ट्र के भाजपा विधायकों और एमवीए के विधायकों ने हंगामा मचाते हुए एक दूसरे के खिलाफ जुबानी हमला बोला।

सत्तारूढ़ शिंदे गठबंधन को चिढ़ाने के लिए राकांपा विधायक गाजर लेकर पहुंचे थे। शिंदे गुट के विधायकों ने उसे लेकर छीना झपटी की। दोनों गुटों के बीच पहले भी भिड़ंत हुई है, लेकिन पहली बार विधान भवन की सीढ़ियों पर ऐसी तकरार हुई। उद्धव गुट के विधायक शिंदे गुट के खिलाफ '50 खोखे, एकदम ओके' जैसे नारे लगा रहे थे। तनाव बढ़ता देख दोनों ओर के कुछ वरिष्ठ नेता बीच बचाव करने आए तो विधायकों को शांत किया।