भोपाल। रातीबड़ थाना क्षेत्र स्थित कलियासोत डैम के पास बाघ विचरण क्षेत्र में में देर रात को शराब पीकर गाड़ी चला रहे इको टूरिजम के मैनेजर को धौंस दिखाकर बदमाश उनकी कार और मोबाइल लूटकर ले गए। रात में ही पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाश कार को छोड़कर भाग गए। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
रातीबड़ टीआई सुधेश तिवारी ने बताया कि अरूण राय पिता महेश नारायण राय ( 37 ) इको टूरिजम में मैनेजर है। बीती रात को उन्होंने श्यामला हिल्स क्षेत्र में शराब पी और कार क्रमांक एचआर 51 एजे 5471 को चलाते हुए कलियासोत नदी के पास पहुंच गए। इसी बीच रास्ते में खड़े तीन बदमाशों ने उनसे लिफ्ट मांगी तो उन्होंने गाड़ी रोककर आरोपियों को कार में बिठा लिया। इसके बाद आरोपियों ने कहा कि वह शराब के नशे में है, इसलिए गाड़ी वह चला लेते हैं और वह गाड़ी चलाने लगे। कुछ दूर चलने के बाद तीनों आरोपी मैनेजर को धौंस दिखाकर जान से मारने की धमकी देकर चुप बैठने के लिए कहने लगे।
दहशत में आए मैनेजर चुप बैठ गए और आरोपी गाड़ी चलते हुए बागसेवनिया क्षेत्र में पहुंचे। इसके बाद बदमाशों ने उनका मोबाइल और गाड़ी रखे दस्तावेज लूट लिए। किसी तरह से रहगीर का मोबाइल लेकर मैनेजर ने पुलिस को डायल 100 पर खबर दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए घेराबंदी शुरू कर दी और पुलिस को कार गोविंदपुरा के पास लावारिस हालत में मिल गई, लेकिन आरोपियों का कुछ पता नहीं चल सका। अब पुलिस हुलिए के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।