देश में साइबर फ्रॉड के मामले इस तेजी से बढ़ रहे हैं कि अब यह नेता और अभिनेता तक पहुंच गये हैं। जबकि हाल तक आम लोग इन साइबर स्कैम का ज्यादा शिकार हुआ करते थे। स्कैमर्स की नयी पहुंच से जांच ऐजेंसियां भी हैरान हैं। दरअसल, दक्षिण भारत में डीएमके नेता दयानिधी मारन और हिंदी सिनेमा के अभिनेता आफताब शिवदासानी को साइबर क्रिमिनल्स ने शिकार बनाया है। सांसद दयानिधि मारन ने पुलिस कंप्लेंट दर्ज कराई और बताया कि उनके साथ 99,999 रुपये का फ्रॉड हुआ।
सांसद दयानिधि मारन पूर्व केंद्रीय मंत्री मुरासोली मारन के बेटे और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व डीएमके अध्यक्ष एम. करुणानिधि के पोते हैं। साइबर फॉड की शुरुआत एक फोन के साथ हुई, जिसमें उनकी पत्नी प्रिया के निशाने पर आए मारन के पास अनजान नंबर से तीन बार कॉल आई, लेकिन उन्होंने किसी को भी ओटीपी और बैंक संबंधित डिटेल्स नहीं दी। दयानिधी का एक्सिस बैंक में सेविंग अकाउंट हैं, जो उनकी पत्नी के साथ एक जॉइंट है। डीएमके सांसद ने बताया कि फोन कॉल आने के कुछ देर बाद उनके पास मैसेज आया कि सेविंग अकाउंट से 99,999 रुपये कट गए हैं।
उधर अभिनेता आफताब शिवदासानी के पास अनजान नंबर से एक मैसेज आया, जिसमें उन्हें केवायसी अपडेट कराने को कहा और ऐसा ना करने पर अकाउंट सस्पेंड करने की बात कही। अपडेट करने के इरादे से अभिनेता ने ऑनलाइन लिंक पर क्लिक कर दिया, उसमें कुछ इंस्ट्रक्शन आए, जिसमें वह आगे बढ़े और आखिर में उनके बैंक अकाउंट से 1,49,999 रुपये डेबिट हो गए। इसके बाद अभिनेता ने बैंक की ब्रांच से संपर्क किया तो उन्हें पता चला कि यह साइबर फॉड है. इसके बाद उन्होंने पुलिस को इस मामले की जानकारी दी और कंप्लेंट दर्ज कराई।