प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 296 किलोमीटर लंबे बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। यह अत्याधुनिक एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र के 7 जिलों से होकर गुजरेगा। इससे स्थानीय लोगों का राजधानी दिल्ली तक पहुंचना आसान होगा, साथ ही क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में भी सुधार होगा।
डबल इंजन की भाजपा सरकार के नेतृत्व में प्रगति पथ पर दौड़ रहा उत्तर प्रदेश।
— BJP (@BJP4India) July 16, 2022
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का 16 जुलाई, 2022 को पीएम श्री @narendramodi द्वारा उद्घाटन।
लाइव देखें
• https://t.co/ZFyEVldUYK
• https://t.co/vpP0MInUi4
• https://t.co/lcXkSnNPDn
• https://t.co/jtwD1z6SKE pic.twitter.com/CSh56C9NmG
पीएम मोदी ने फरवरी 2020 में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे की आधारशिला रखी थी। कोरोना महामारी के दौरान भी इसके निर्माण कार्य में किसी प्रकार की रुकावट नहीं आने दी गई। इसके चलते बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे तय समय से 6 महीने पहले ही आम जनता के लिए खुल गया है। इस एक्सप्रेस-वे को बनाने में 14,850 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
देखिये लाइव-
पीएम मोदी ने इस अवसर पर जनता को संबोधित करते हुए कहा कि मैं दशकों से उत्तर प्रदेश आता जाता रहा हूं, यूपी के आशीर्वाद से पिछले 8 साल से देश के प्रधानसेवक के रूप में कार्य करने का आप सबने जिम्मा दिया है। लेकिन मैंने हमेशा देखा कि अगर यूपी में 2 महत्वपूर्ण चीजें जोड़ दी जाएं, तो यूपी चुनौतियों को चुनौती देने की बहुत बड़ी ताकत के साथ खड़ा हो जाएगा। पहला मुद्दा था यहां की खराब कानून व्यवस्था, पहले यहां क्या हाल था ये आप जानते हैं। दूसरा हर प्रकार से खराब कनेक्टिविटी।
बदली सरकार, बदला मिजाज- PM
पीएम मोदी बोले, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से चित्रकूट से दिल्ली की दूरी तो 3-4 घंटे कम हुई ही है, लेकिन इसका लाभ इससे भी कहीं ज्यादा है। ये एक्सप्रेस-वे यहां सिर्फ वाहनों को गति नहीं देगा, बल्कि ये पूरे बुंदेलखंड की औद्योगिक प्रगति को गति देगा। एक समय था जब माना जाता था कि यातायात के आधुनिक साधनों पर पहला अधिकार सिर्फ बड़े-बड़े शहरों का ही है। लेकिन अब सरकार भी बदली है, मिजाज भी बदला है। ये मोदी है, ये योगी है। पुरानी सोच को पीछे छोड़कर, हम एक नए तरीके से आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यूपी नए संकल्पों को लेकर अब तेज गति से दौड़ने के लिए तैयार हो चुका है। यही सबका साथ है, सबका विकास है। कोई पीछे न छूटे, सब मिलकर काम करें, इसी दिशा में डबल इंजन की सरकार लगातार काम कर रही है। यूपी के छोटे-छोटे जिले हवाई सेवा से जुड़ें, इसके लिए भी तेजी से काम किया जा रहा है।
किलों के पास बनेगा, शानदार टूरिज्म सर्किट-
पीएम मोदी ने कहा कि इस एक्सप्रेस-वे के बगल में जो स्थान हैं, वहां बहुत सारे किले हैं। यूरोप के बहुत सारे देशों में किले देखने का बहुत बड़ा पर्यटन उद्योग चलता है। मैं आज योगी जी की सरकार से कहूंगा कि अब बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे बनने के बाद आप भी इन किलो को देखने के लिए एक शानदार टूरिज्म सर्किट बनाईये।
विपक्ष पर मोदी ने साधा निशाना-
विपक्ष पर हमला बोलते हुए पीएम ने कहा, जिस यूपी में सरयू नहर परियोजना को पूरा होने में 40 साल लगे, जिस यूपी में गोरखपुर फर्टिलाइजर प्लांट 30 साल से बंद पड़ा था, जिस यूपी में अर्जुन डैम परियोजना को पूरा होने में 12 साल लगे। जिस यूपी में अमेठी रायफल कारखाना सिर्फ एक बोर्ड लगाकर खड़ा था, जिस यूपी में रायबरेली रेल कोच फैक्ट्री सिर्फ डिब्बों का रंग-रोगन करती थी, उस यूपी में आज इतनी गंभीरता से काम हो रहे हैं कि उसने अच्छे-अच्छे राज्यों को भी पीछे छोड़ दिया है।
उन्होंने कहा, पहले की सरकार के समय यूपी में हर साल औसतन 50 किमी रेल लाइन का दोहरीकरण होता था, आज औसतन 200 किमी रेल लाइन का दोहरीकरण हो रहा है। 2014 से पहले यूपी में सिर्फ 11,000 कॉमन सर्विस सेंटर थे, आज यूपी में 1.30 लाख से ज्यादा कॉमन सर्विस सेंटर काम कर रहे हैं। एक समय में यूपी में सिर्फ 12 मेडिकल कॉलेज थे, आज यूपी में 35 से ज्यादा मेडिकल कॉलेज हैं और 14 नए मेडिकल कॉलेज में काम चल रहा है।
रेवड़ी कल्चर देश के विकास के लिए घातक- PM
मोदी बोले, विकास की जिस धारा पर आज देश चल रहा है उसके मूल में दो पहलू हैं। एक है इरादा और दूसरा है मर्यादा। हम देश के वर्तमान के लिए नई सुविधाएं ही नहीं गढ़ रहे बल्कि देश का भविष्य भी गढ़ रहे हैं। आजकल हमारे देश में मुफ्त की रेवड़ी बांटकर वोट बटोरने का कल्चर लाने की कोशिश हो रही है। ये रेवड़ी कल्चर देश के विकास के लिए बहुत घातक है। इस रेवड़ी कल्चर से देश के लोगों को बहुत सावधान रहना है।
उन्होंने कहा, रेवड़ी कल्चर वाले कभी आपके लिए नए एक्सप्रेस-वे नहीं बनाएंगे, नए एयरपोर्ट या डिफेंस कॉरिडोर नहीं बनाएंगे। रेवड़ी कल्चर वालों को लगता है कि जनता जनार्दन को मुफ्त की रेवड़ी बांटकर, उन्हें खरीद लेंगे। हमें मिलकर उनकी इस सोच को हराना है, रेवड़ी कल्चर को देश की राजनीति से हटाना है। डबल इंजन की सरकार मुफ्त की रेवड़ी बांटने का शॉर्टकट नहीं अपना रही, बल्कि मेहनत करके राज्य के भविष्य को बेहतर बनाने में जुटी है।