ब्रिस्टल. इंग्लैंड टीम के स्टार ऑलराउंडर मोईन अली ने बल्ले से धमाल मचाते हुए एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. वे टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले इंग्लैंड के पहले खिलाड़ी बन गए. साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में इंग्लैंड ने 6 विकेट पर 234 रन बनाए. मोईन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए केवल 16 बॉल पर ही फिफ्टी जड़ दी. मोईन ने इस मैच में 18 बॉल पर 52 रनों की पारी खेली. साउथ अफ्रीका के लिए 21 साल के ट्रिस्टन स्टब्स ने 28 बॉल पर 72 रनों की पारी खेली. इस दौरान युवा बल्लेबाज ट्रिस्टन ने 8 छक्के लगाए.
मोईन अली ने यह फास्टेस्ट फिफ्टी साउथ अफ्रीका के खिलाफ ब्रिस्टल में खेले गए मुकाबले में लगाई. मोईन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 16 बॉल पर ही फिफ्टी जड़ दी. मोईन से पहले ये रिकॉर्ड लियाम लिविंगस्टोन के नाम दर्ज था. लियाम ने 17 गेंदों पर फिफ्टी लगाई थी. अब मोईन ने उनका रिकॉर्ड तोड़ दिया और वे इंग्लैंड के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज 16 बॉल पर फिफ्टी लगाने वाले प्लेयर बन गए हैं.
हालांकि ओवरऑल वर्ल्ड रिकॉर्ड में वह अब भी युवराज सिंह से कोसों दूर हैं. सबसे तेज फिफ्टी का वर्ल्ड रिकॉर्ड युवी के नाम है. टीम इंडिया के पूर्व बैटिंग ऑलराउंडर युवराज सिंह ने 2007 टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ ही यह रिकॉर्ड बनाया था. तब युवी ने महज 12 गेंदों पर फिफ्टी जड़ दी थी. उसी पारी के दौरान युवराज सिंह ने एक ओवर में 6 छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाया था.
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए इंग्लैंड ने 6 विकेट पर 234 रन बनाए. यह टी20 में इंग्लैंड का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर रहा. जॉनी बेयरस्टो ने 53 बॉल पर 90 रनों की पारी खेली. इसके जवाब में साउथ अफ्रीका 8 विकेट पर 193 रन ही बना सकी और 41 रनों से मैच गंवा दिया. टीम के लिए ट्रिस्टन स्टब्स (Tristan Stubbs) ने 28 बॉल पर 72 रनों की पारी खेली. इस दौरान 8 छक्के लगाए.